गाजियाबाद: डुप्लीकेट पाइप बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार

गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस ने नामचीन कंपनियों के नाम पर नकली पाइप बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि एक नामचीन पाइप कंपनी में कार्यरत पीएन झा ने सोमवार शाम ट्रोनिका सिटी थाने पर आकर नकली पाइप बिक्री की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर छानबीन करने के बाद पुलिस ने मंगलवार को फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की है। पूछताछ में आरोपी अनुज ने स्वीकारा कि नकली पाइप को सस्ते रेट पर गाजियाबाद, बागपत के देहात क्षेत्र में बेचा जाता था। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।

सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि यह फैक्ट्री इंडस्ट्रियल एरिया के बी-2 सेक्टर में चल रही थी। गिरफ्तार आरोपी अनुज कुमार जिला शामली में गांव सिंभालका का रहने वाला है। यहां से आशीर्वाद, एस्ट्रल और सुप्रीम जैसी नामचीन कंपनियों के एक हजार से ज्यादा नकली पाइप मिले हैं। करीब 20 कुंतल वजनी पाइप बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत 15 लाख रुपए के आसपास है।

Exit mobile version