गाजियाबाद में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

गाजियाबाद। रविवार को गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। रविवार को मई महीने का सबसे ज्यादा तापमान रहा। 45 डिग्री सेल्सियस पारा पहुंचने पर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को गर्मी से बचने की सलाह दी है।

गाजियाबाद में पसीना छुड़ाने वाली गर्मी पड़ रही है। गर्मी का कहर लोगों पर हावी हो रहा है। कमरे में पंखे की हवा भी गर्म लगती है। बिना एसी और कूलर के काम नहीं चल रहा है। घर से निकलना लोगों की मजबूरी है लेकिन बाहर निकलते ही उन्हें पसीने से तरबतर होना पड़ रहा है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अभी तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।

मौसम विभाग ने एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश में तेज हवा चलने की संभावना जताई है। बादल होने से सोमवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
– हल्के रंग के सूती, पतले और ढीले कपड़े पहनें।
– छाता, टोपी, तौलिया, गमछा या कोई भी पारंपरिक कपड़े से सिर जरूर ढकें।
– अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलें।
– यात्रा करते समय पानी जरूर साथ में रखें।
– तरल पदार्थ जैसे छाछ, नींबू पानी का सेवन करें।
– सुपाच्य हल्का भोजन करें। गरिष्ठ और बासी भोजन लेने से बचें।
– पशुओं को छायादार स्थान पर रखें, उन्हें पर्याप्त पानी पिलाने के साथ ही दो बार नहलाएं।
– नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग को दोपहर में घर से बाहर न निकलने दें।
– ओआरएस का सेवन जरूर करें।
– किसी भी तरह से आपात स्थिति से बचने के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।

Exit mobile version