यूपी का फाईनल आंकड़ा, भाजपा को 255 , सपा के खाते में 111 सीटें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग ने देर रात करीब डेढ़ बजे तक राज्य की 403 सीटों पर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा को 255 वहीं समाजवादी पार्टी को 111 सीट हासिल हुई हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा को 41.29 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं। वहीं समाजवादी पार्टी को 32.03 फीसदी और बहुजन समाज पार्टी को 12.88 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं। राज्‍य के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा सीट पर करीब एक लाख से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीत गए हैं। हालांकि, उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी जिले की सिराथू सीट पर सात हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गये।

राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की है। सपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने आठ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी जिले की करहल सीट पर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार प्रोफेसर एस पी सिंह बघेल को 67 हजार से अधिक मतों से पराजित कर दिया है। हालांकि, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी बलिया की बांसडीह सीट से भाजपा की केतकी सिंह से चुनाव हार गये। केतकी सिंह को 1,03,305 मत तथा चौधरी को 81,953 मत मिले।

वहीं कांग्रेस दो सीटें ही जीत पाई है। कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रतापगढ़ जिले की अपनी परंपरागत सीट रामपुर खास जीतने में कामयाब हुई हैं। 1980 से लगातार उनके पिता इस सीट पर जीतते रहे थे और 2014 में उप चुनाव के बाद आराधना भी लगातार इस सीट पर जीत हासिल करती रही हैं। हालांकि, उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्‍लू कुशीनगर जिले की तमकुहीराज सीट से चुनाव हार गये हैं। महराजगंज जिले की फरेंदा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी ने भी जीत दर्ज की है।

प्रतापगढ़ जिले से ही आने वाले रघुराज प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें अपनी परंपरागत सीट कुंडा में रघुराज ने अपनी जीत का सिलसिला बनाये रखा। इसके पहले वह 1993 से लगातार निर्दलीय जीत रहे थे लेकिन खुद की बनाई पार्टी से पहली बार चुनाव लड़े और जीत हासिल की। बाबागंज विधानसभा सीट पर भी जनसत्ता दल के उम्मीदवार को जीत मिली है।

Exit mobile version