हरियाणा में पहाड़ खिसकने से वाहन दबे, अब तक 3 की मौत

भिवानी। जम्मू कश्मीर के वैष्णो देवी के दरबार में हादसे के बाद एक और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। हरियाणा के भिवानी में पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढहने से तीन की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है। घायलों को हिसार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ और लोगों के भी पहाड़ के नीचे दबे होने की आंशका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरकने से यह हादसा हो गया है। पहाड़ी रास्ते से कई गाड़ियां गुजर रही थीं। तभी अचानक पहाड़ भरभराकर टूट पड़ा। लगभग दस से 15 गाड़ियां के ऊपर यह मलबा आ गिरा और सारी गाड़ियां दब गईं। पहाड़ के दरकते ही आस पास हड़कंप मच गया। हालाँकि अब तक पहाड़ के खिसकने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पहाड़ अपने आप खिसका है या फिर धमाके के कारण हादसा हुआ, इस बारे में अभी कुछ भी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

प्रशासनिक अमला राहत कार्यों में जुटा हुआ है। वहीं घटनास्थल पर मीडियाकर्मियों व आमलोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। मौक़े पर पहुंचे कृषि मंत्री जेपी दलाल व एसपी अजीत सिंह शेखावत ने घटनास्थल का जायजा लिया है।

बता दें कि तोशाम क्षेत्र के खानक और डाडम में बड़े स्तर पर पहाड़ खनन कार्य होता है।प्रदूषण के चलते 2 महीने पहले खनन कार्य पर रोक लगाई गई थी। एनजीटी ने गुरुवार को ही खनन कार्य दोबारा शुरू करने की इजाजत दी थी। एनजीटी से अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार से ही खनन कार्य शुरू कर दिया गया था। 2 महीने तक खनन कार्य बंद रहने की वजह से भवन निर्माण सामग्री की किल्लत हो रही थी। इस किल्लत को दूर करने के लिए ही वहां बड़े स्तर पर ब्लास्ट किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।

Exit mobile version