दिल्ली-एनसीआर में छाए बादल, हल्की बारिश के भी आसार

File Phptp

नई दिल्ली। दिसंबर महीने की शुरुआत होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। अब अगले छह से सात दिनों तक दिन के तापमान में सुधार होने की संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले एक सप्ताह तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की तरह आज गुरूवार भी बादल छाए हैं और वातावरण धुंधला-धुंधला सा नजर आ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे वातावरण में ठंडक बढ़ेगी।  मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। सुबह से ही बादल छाए रहेंगे व कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे अधिकतम व न्यूनतम पारे में भी कमी हो सकती है।

सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। विभाग के मुताबिक, दिसंबर के दूसरे सप्ताह में दिल्ली में बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे दिसंबर की शुरुआत के साथ ही तेजी से तापमान लुढ़कना शुरू होगा और उत्तरी हिमालय से आने वाली शीत हवाएं दिल्ली की ठंड को बढ़ाएगी।

वहीं बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान बढ़कर 11.5 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। स्काईमेट के अनुसार, मौसमी परिवर्तन की वजह से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में साइक्लोनिंग सर्कुलेशन का असर देखने को मिल रहा है। 4 और 6 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना है। 5 दिसंबर को बारिश की सबसे अधिक गतिविधियां होंगी। हवाएं काफी तेज चलेंगी। सुबह व शाम के समय उत्तर भारत में कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।

Exit mobile version