युवक ने पूछा- आपने गांव के लिए क्या किया? विधायक ने भरी सभा में बुरी तरह पीटा

पठानकोट। पंजाब के पठानकोट के भोआ इलाके के कांग्रेस विधायक से एक नौजवान ने सवाल किया तो बदले में गाली और पिटाई मिली। एक सभा के दौरान एक शख्स ने भोआ इलाके के विधायक जोगिंदर पाल से उनके काम को लेकर सवाल किया। सवाल सुनते ही विधायक आग बबूला हो गए। उन्होंने भरी सभा में युवक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है।

पंजाब कांग्रेस में घमासान लगातार देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां कांग्रेस विधायक नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी के खिलाफ बगावती सुर अपनाए हुए हैं। सिद्धू लगातार अपनी पार्टी पर ही निशाना साध रहे है। तो वहीं दूसरी तरफ पार्टी के दूसरे विधायक ही ऐसी कुछ शर्मनाक हरकत कर कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। सोमवार को गांव समराला में जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमे भोआ के विधायक जोगिंदर पाल को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया था। रात करीब आठ बजे जोगिंदर पाल अपनी उपलब्धियां गिना रहे थे।

जोगिंदर पाल कह रहे थे कि वह जमीनी नेता हैं। पहले वह एमसी बने और उसके बाद अपने कार्यों के बदौलत विधायक बने। जब वह बोल रहे थे तभी पीछे से गांव सुकालगढ़ का एक युवक कुछ बोलने लगा। उसे पुलिस वालों व समर्थकों ने आगे आने से रोका। युवक ने कहा कि इन्ने की कीत्ता काम। इस पर विधायक ने कहा कि इन्नू नहीं कहना कुछ भी, बेटा जे कोई गल है, इत्थे मेरे कोल आजा, ते गल कर।

इस पर युवक ने आ जाना ते गल कर लेना। युवक विधायक के पास चला गया। विधायक ने उसे बोलने के लिए माइक दिया। युवक बोला तू की कीत्ता। इस पर विधायक ने बाएं हाथ से युवक के मुंह पर चाटा जड़ दिया और पीठ पर दो घूंसे लगाए। अन्य पुलिस कर्मियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी युवक को पीटना शुरू कर दिया। इसकी वीडियो वायरल हो गई है।

जिला भाजपा ने कहा- विधायक ने किया घिनौना काम
भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। विधायक ने घिनैना काम किया है। चुने हुए प्रतिनिधियों से सवाल पूछना आम नागरिक का कर्तव्य है। 14 से 15 साल के बच्चे को इस प्रकार पीटना कहां का न्याय है। कांग्रेस पार्टी का शुरू से ही गुंडागर्दी का इतिहास रहा है। विधायक के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा जगह-जगह प्रदर्शन कर पुतला फूंकेगी।

विधायक विधानसभा चुनाव से पहले बौखला गए हैंः
तारागढ़ वरिष्ठ भाजपा नेता कमल किशोर ने इस घटना के बाद कहा कि राज्य में अगले साल 2022 की शुरुआत में संभावित विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी में किस प्रकार फूट और गुटबंदी है। तरह-तरह के भूचाल आए दिन सामने आ रहे हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक बुरी तरह से बौखला गए हैं। अपनी दिख रही हार को देखकर मारपीट पर ही उतर आए हैं।

उन्होंने कहा कि उक्त कार्यक्रम में भोआ विधायक लंबे चौड़े झूठ बोले जा रहे थे। युवक ने उनके झूठ का पर्दाफाश करने की कोशिश की तो उन्होंने जमकर हाथापाई की। विधायक के समर्थकों एवं उनके साथ आए सुरक्षा कर्मियों ने भी युवक को पीटा। विधायक के इस व्यवहार से उनकी स्पष्ट रूप में गुंडागर्दी साफ देखने को मिली।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version