दिल्ली में डेंगू का प्रकोप, नोएडा और गाजियाबाद में भी टूटा 5 साल का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डेंगू की बीमारी कहर बरपाने लगी है। दिल्ली में डेंगू के कारण इस साल पहली मौत हुई है वहीं, 2018 के बाद इस साल डेंगू के सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। पिछले 6 सालों में डेंगू से कुल 28 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली से सटे शहरों में भी डेंगू का प्रकोप देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में भी डेंगू ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

दिल्ली में मेट्रो कॉलोनी में रहने वाली 35 साल की एक महिला की डेंगू से मौत हो गई। इस साल डेंगू से मौत का यह पहला मामला है। डेंगू की शिकायत पर महिला को 20 सितंबर को इलाज के लिए होली फैमिली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। तीन दिनों बाद उनकी तबियत और अधिक खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां 26 सितंबर सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। पिछले साल इस समय तक डेंगू के 395 मामले थे, जबकि इस साल डेंगू के 723 मामले हैं। जिनमें से अकेले अक्तूबर में 382 मामले सामने आए हैं जो कि पूरे साल भर में सबसे ज्यादा है। इस हफ्ते डेंगू के रेकॉर्ड 243 नए मामले सामने आए हैं।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में डेंगू के 52, दक्षिण निगम-61, पूर्वी निगम -27, एनडीएमसी-1 और बिना पहचान वाले 102 मामले सामने आए हैं। इसी तरह बीते सप्ताह मलेरिया के 15 मामले सामने आए हैं, इसमें 7 उत्तरी, 2 दक्षिण, 3 पूर्वी तथा बिना पहचान वाले 3 मामले दर्ज किए गए हैं।

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में 15 अक्टूबर तक डेंगू पीड़ितों की तादाद 193 पहुंच चुकी थी। हालांकि, अधिकारी नोएडा में डेंगू का कोई हॉटस्पॉट नहीं होने का दावा कर रहे हैं। डेंगू पीड़ितों की यह तादाद पिछले पांच साल में सर्वाधिक है। इससे पहले साल 2019 में सबसे ज्यादा 40 लोग डेंगू की चपेट में आए थे। आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2016 में 17, 2017 में 22, 2018 में 28, 2019 में 40, 2020 में 28 डेंगू मरीज मिले थे।

गाजियाबाद में इस साल अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या 624 पहुंच चुकी है। ये साल 2016 में 621 डेंगू पीड़ितों से भी अधिक है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी एक्टिव मोड में आ गया है। शहर में जगह-जगह एंटी लारवा स्प्रे का छिड़काव कराया जाने लगा है। डेंगू की रफ्तार ने सबको चिंता में डाल दिया है।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version