ब्रिटिश नागरिकों को अब नहीं रहना होगा क्वारंटाइन, सरकार ने वापस लिया फैसला

नई दिल्ली। ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त जांच और 10 दिन क्वारंटीन रहने के फैसले को भारत सरकार ने वापस ले लिया है। भारत ने जवाबी कदम उठाते हुए ब्रिटेन से भारत पहुंचने वाले ब्रिटिश नागरिकों का 10 दिन क्वारंटीन में रहना अनिवार्य कर दिया था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लिखा है कि ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के लिए संशोधित गाइडलाइंस को वापस ले लिया गया है और सभी यात्रियों पर 17 फरवरी 2021 को जारी पहले नियम लागू होंगे। ब्रिटेन द्वारा भारतीयों पर लगाए गए प्रतिबंधों के बाद भारत ने भी जवाबी कार्रवाई की थी। इन यात्रा प्रतिबंधों में भारत आने पर 10 दिन का अनिवार्य क्वारंटाइन और यात्रा से पहले और यहां पहुंचने के बाद टेस्ट कराने जैसी शर्तें शामिल थीं। ऐसे में यात्रा को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। फिर यात्रा को सहज बनाने पर सहमति बनने के बाद ब्रिटेन ने भारतीय यात्रियों के लिए 10 दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन को खत्म करने की घोषणा की।

भारत ने दो बार जांच किया था अनिवार्य
ब्रिटेन ने शुरुआत में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) द्वारा निर्मित कोविशील्ड टीके को मान्यता देने से इनकार कर दिया था हालांकि भारत की तीखी प्रतिक्रिया के बाद ब्रिटेन ने 22 सितंबर को अपने नए दिशा-निर्देश में बदलाव किया और इस टीके को शामिल कर लिया। हालांकि कोविशील्ड की दोनों डोज ले चुके भारतीयों को आइसोलेशन नियमों से कोई राहत नहीं दी गई थी। कोविशील्ड ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित कोविड वैक्सीन का ही भारतीय नाम है।

भारतीय यात्रियों को राहत नहीं मिलने पर भारत सरकार ने भी सख्ती अपनाई और ब्रिटेन से आने वालों के लिए नई गाइडलाइंस जारी कर दी थी, जो 1 अक्टूबर से लागू हुआ था। इसके तहत भारत आने वाले सभी यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने पर और 8 दिन बाद अपने खर्चे पर कोविड-19 संबंधी RT-PCR जांच करानी होगी और 10 दिन के लिए अनिवार्य क्वारंटीन में रहना होगा।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version