विधायक नन्दकिशोर गुर्जर की शिकायत के बाद पद से हटाए गए नईम कुरैशी, गोकशी का आरोप

गाजियाबाद। जिले में कथित तौर पर गोकशी में लिप्त भाजपा नेता नईम कुरैशी को पदमुक्त कर दिया गया है। भाजपा ने नईम को एक सप्ताह पहले ही अल्पसंख्यक मोर्चा का महानगर मंत्री बनाया था। इसके बाद भाजपा के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष डॉ. सौलत पाशा ने 18 सितंबर को जिला कार्यकारिणी घोषित की थी। उन्होंने नईम कुरैशी को महानगर मंत्री मनोनीत किया था। इसके बाद भाजपा के लोनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस फैसले का विरोध किया। बताया जाता है कि नईम का एक 17 सेकेंड्गोस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है इस कथित वीडियो में कुछ पशु कटे दिख रहे हैं, जिन्हें गाय बताया जा रहा है और इनके पास ही नईम खड़ा है।

इस मामले में भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर 21 सितंबर को अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. सौलत पाशा को चिट्ठी लिखी। विधायक ने बताया कि लोनी से नईम नामक व्यक्ति को अल्पसंख्यक मोर्चा में जिला मंत्री पद का दायित्व दिया गया है। जिसकी गाय व अन्य पशु काटते हुए घोर आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुई है। यह कृत्य बर्दाश्त योग्य नहीं है, क्योंकि गौमाता हमारे लिए पूज्यनीय एवं आस्था का विषय हैं।

विधायक की नाराजगी यहीं खत्यम नही हुई। उन्होने जिलाध्यक्ष से नईम को पद और पार्टी से निकालकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए कह दिया। ऐसा न करने की स्थिति में विधायक ने प्रदेश अध्यक्ष से वार्ता करने की बात कही।

इसके बाद विधायक के पत्र का संज्ञान लेते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. सौलत पाशा ने कल बुधवार को नईम कुरैशी को जिला मंत्री पद से हटा दिया है। इसके साथ सोशल मीडिया प्रभारी उस्मान खान को भी हटाया गया। हालांकि जिलाध्यक्ष का कहना है कि नईम पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। नईम के भाई पर मुकदमा होने की जानकारी मिली है। फिर भी शिकायत के बाद उन्हें पद से हटाया है। जबकि उस्मान खान ने अन्य कारणों से अपना इस्तीफा खुद दिया है।

वहीं नईम कुरैशी का कहना है कि यह वीडियो बकरीद वाले दिन की है। उस दिन भैंस की कुर्बानी दी गई थी। कुर्बानी के 7 हिस्से बांटे जा रहे थे। उसी दौरान यह वीडियो बनाई गई थी, जो गोकशी बताकर गलत तरीके से वायरल की गई है। नईम का कहना है कि मुझ पर एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है।

Exit mobile version