नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी हो चुकी है। देश में अब रोजाना कोरोना के 50 हजार से कम मामले सामने आ रहे हैं और 1000 से कम मौतें हो रही हैं। इस वजह से देश के अधिकतर राज्यों में लॉकडाउन में छूट दी गई है तो अभी भी कई राज्य ऐसे हैं जहां कोरोना से जुड़ी पाबंदियां बढ़ाई जा रही है। आइए जानते हैं देश के किन राज्यों ने अपने यहां लॉकडाउन में छूट देने का फैसला किया है और किन राज्यों ने पाबंदिय़ां बढ़ाने के निर्णय लिया है।

ओडिशा में बढ़ा आंशिक लॉकडाउन

ओडिशा सरकार ने राज्य में कोविड-19 के मद्देनजर लागू आंशिक लॉकडाउन को 15 दिनों के लिए बढ़ाने की घोषणा की है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अब यह लॉकडाउन 16 जुलाई को सुबह पांच बजे समाप्त होगा। ओडिशा के मुख्य सचिव एस सी महापात्रा ने बताया कि राज्य सरकार ने 30 जिलों को ए और बी नाम से दो श्रेणियों में बांटा है। ऐसे 20 जिलों को ए श्रेणी में रखा गया है, जहां कोरोना वायरस संक्रमण की दर पांच प्रतिशत से कम है जबकि शेष 10 जिलों को बी श्रेणी में रखा गया है। बी श्रेणी वाले जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या अधिक है।

झारखंड में अनलॉक 5 में मिली छूट

झारखंड सरकार ने अनलॉक 5 में राज्‍य की जनता को बड़ी राहत दी है। अब सभी जिलों में दुकानें 8:00 बजे रात तक खुलेंगी। एक जिले से दूसरे जिले तक बसों का आवागमन होगा। बाहर से यानि दूसरे राज्‍यों से आने वालों को 7 दिन तक क्वॉरंटाइन में रहने की अब जरूरत नहीं। रेस्टोरेंट एवं बार 50 फीसद सीट के साथ खुलेंगे। एक जगह पर 50 लोगों के इकट्ठा होने की छूट मिली है। सिनेमा हॉल एवं मल्टीप्लेक्स में सीटों की क्षमता से आधे लोगों को बैठाने की छूट दी गई है। हालांकि रविवार को बाजार बंद रहेगा।

आंध्र प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू में दी गई ढील

आंध्र प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है। आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के 13 में से 8 जिलों में तीन घंटे और कोरोना कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है। इन जिलों में कोरोना पॉजिटिव रेट पांच प्रतिशत से नीचे है।

केरल में जारी रहेंगी लॉकडाउन की पाबंदियां

केरल में लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया गया है केरल सरकार ने राज्य में जारी लॉकडाउन प्रतिबंधों को एक और सप्ताह बढ़ाने का फैसला लिया है।

– नगालैंड सरकार मौजूदा लॉकडाउन में प्रतिबंधों में ढील देकर अनलॉक शुरू करेगी। इसको लेकर लेकर जल्द ही गाइडलाइन जारी करेगी।

पंजाब में लॉकडाउन 10 जुलाई तक बढ़ा

डेल्टा प्लस वेरियंट (Delta Plus variant) के मामलों को देखते हुए पंजाब में लॉकडाउन 10 जुलाई तक बढ़ा दिया है। हालांकि इस दौरान कई प्रतिबंधों से छूट का एलान भी किया गया है। राज्य में 1 जुलाई से 50% क्षमता के साथ बार, पब और अहाते खोले जा सकेंगे।

हरियाणा में 5 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा

हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद सोनीपत रेवाड़ी महेंद्रगढ़ सहित राज्य के सभी 22 जिलों में लॉकडाउन 5 जुलाई तक बढ़ा दिया है। राज्य में पहले से जारी प्रतिबंधों पर से ढील यथावत रहेगी। हरियाणा सरकार ने महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा अभियान के तहत काफी रियायतों के साथ लाकडाउन पांच जुलाई तक बढ़ा दिया है। साभार-दैनिक जागरण

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।