देश में फिर बढ़े कोरोना के मामले:बीते दिन 2.11 लाख नए केस, 3,841 मौतें; राहत की बात कि 26 राज्यों में नए संक्रमितों से ज्यादा लोग ठीक हुए

पढ़िए दैनिक भास्कर की ये खबर…

देश में बीते 24 घंटे में 2 लाख 11 हजार 275 नए कोरोना संक्रमित मिले। इनसे ज्यादा, यानी 2 लाख 82 हजार 924 मरीज ठीक हो गए। 3,841 की मौत हुई। थोड़ी चिंता की बात ये है कि दो दिन से नए केस में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे पहले 24 मई को 1.95 लाख और 25 मई को 2.08 लाख कोरोना रिपोर्ट्स पॉजिटिव आई थीं।

एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है। बुधवार को 75,601 एक्टिव केस कम हो गए। देश में अब 24 लाख 15 हजार 7612 मरीजों का इलाज चल रहा है।

इन राज्यों में रिकवरी ज्यादा

  • राज्यवार रिकवरी की बात करें, तो बीते दिन देश के 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नए संक्रमितों से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी। इनमें कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं।
  • इसके अलावा हरियाणा, बिहार, तेलंगाना, पंजाब, असम, झारखंड, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पुडुचेरी, चंडीगढ़, त्रिपुरा, दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.11 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.82 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,841
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.73 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.46 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.11 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 24.15 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • सूत्रों के मुताबिक, वैक्सीन निर्माता कंपनी फाइजर ने भारत सरकार को बताया कि उसकी कोरोना वैक्सीन 12 और उससे अधिक उम्र के सभी लोगों पर प्रभावी है। इसे एक महीने से ज्यादा समय तक 2-8 डिग्री तापमान पर भी रखा जा सकता है। दोनों के बीच भारत में वैक्सीन लाने से पहले लाइबिलिटीज प्रोटेक्शन पर भी चर्चा हुई।
  • राजस्थान में कोरोना से होने वाली मौतों पर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच गहलोत सरकार ने अब महामारी के दौरान हुई सभी मौतों का ऑडिट करवाने का फैसला किया है। इसमें कोरोना से और अन्य वजहों से हुई मौतों का पता लगाया जाएगा और इस पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके आदेश दे दिए हैं।
  • IIT खड़गपुर ने जॉइंट इंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) एडवांस्ड 2021 को टाल दिया है। देश भर में कोरोना से बिगड़े हालात के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। ये एग्जाम 3 जून को होने थे। IIT खड़गपुर की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, एग्जाम की नई तारीख का ऐलान सही वक्त पर किया जाएगा।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां बुधवार को 24,752 लोग संक्रमित पाए गए। 23,065 लोग ठीक हुए और 992 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 56.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 52.41 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 91,341 लोगों की मौत हो गई। 3.15 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां बुधवार को 3,176 लोग संक्रमित पाए गए। 10,540 लोग ठीक हुए और 193 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.80 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15.98 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,712 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 62,271 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में बुधवार को 1,491 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 3,952 लोग ठीक हुए और 130 की मौत हो गई। अब तक 14.21 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,695 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 19,148 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
यहां बुधवार को 2,829 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 5,767 लोग ठीक हुए और 56 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.59 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.93 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,779 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 53,480 मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में बुधवार को 3,085 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 10,007 लोग ठीक हुए और 36 की मौत हो गई। अब तक 7.97 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.32 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,701 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 55,548 लोगों का इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में बुधवार को 2,182 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 7,479 लोग ठीक हुए और 72 की मौत हो गई। अब तक 7.71 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.20 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7,758 लोगों की मौत हो चुकी है। 43,265 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version