कन्नौज, जेएनएन। Controversy Between Wedding ऐसा कहा जाता है कि शादी दो लोगों का नहीं बल्कि दो आत्माओं का मिलन होता है। इसमें नवदंपती के अलावा दो परिवार के संबंध और प्रगाढ़ होते हैं, लेकिन प्राय: देखा जाता है कि अतिरिक्त लालच दो परिवारों के मिलन से पूर्व उनमें खटास पैदा कर देता है। समय के साथ-साथ तल्खियां और बढ़ती हैं जो कि नफरत के बीज का अंकुरण कर देती हैं। रिश्तों में मिठास से पूर्व खटास पैदा होने का मामला इस बार कन्नौज जिले से सामने आया है। जहां जयमाल होने के बाद दूल्हे ने बुलेट (रॉयल इनफील्ड) के अलावा इतनी मांगें कर डालीं जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी बराती स्तब्ध रह गए। हालांकि बात इतनी बढ़ गई कि दुल्हन को खुलकर दूल्हे का विरोध करने के लिए आगे आना पड़ा।

हाल ही में अमेठी से आई थी ऐसी ही खबर: कुछ दिनों पहले यूपी के ही अमेठी जिले का एक मामला बहुत सुर्खियों में था। इसमें दूल्हे ने जयमाल के तुरंत बाद बुलेट की मांग की थी। हालांकि ये मांग उसे इतनी महंगी पड़ी जिसकी कल्पना उसने स्वप्न में भी नहीं की होगी। दरअसल, दूल्हे के द्वारा बुलेट की मांग किए जाने के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने उसे जमकर पीटा और पुलिस के आने तक बंधक बना लिया था। इसी तर्ज पर एक मामला इस बार इत्रनगरी से भी सामने आया है।

यह है कन्नौज का मामला: जनपद के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खांडेदेवर निवासी मनोज ने बेटी की शादी कोतवाली तिर्वा क्षेत्र के गांव सुरसुनपुवर निवासी एक युवक से तय की थी। 25 मई की रात दूल्हा बरात लेकर आया। सभी रस्में शांतिपूर्ण और सानंद संपन्न हुईं।

बुधवार को बवाल तो तब मचा जब जयमाल और कलेवा के बाद दूल्हे ने शादी में दिए गए सामान के अलावा सोने की एक अंगूठी-चेन और बुलेट की मांग की। इतना सुनते ही दुल्हन पक्ष के लोग एक दूसरे का मुंह देखने लगे। काफी समझाने के बाद भी जब दूल्हा नहीं माना तो दुल्हन ने स्वयं ही मोर्चा संभाला और उसकी मांग को गलत बताते हुए पुरजोर विरोध किया।

दुल्हन के गर्म तेवर देख दूल्हे ने उठाया यह कदम: काफी देर तक मान-मनौव्वल का सिलसिला चला, लेकिन दुल्हन के गर्म तेवर देख दूल्हे की हिम्मत जवाब दे गई। इसके बाद वह दुल्हन को बिना विदा कराए खिसक गया। जिसके बाद वधू पक्ष ने दुल्हे समेत उसके स्वजन के खिलाफ तहरीर दी। साभार-दैनिक जागरण

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।