गाजियाबाद,हाईवे पर मेरठ से गाजियाबाद तक भीषण जाम

हाईवे पर शनिवार को मेरठ से गाजियाबाद तक यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कदम दर कदम लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। दिनभर वाहन रेंगते रहे। जाम की इस विभीषिका के कई कारण रहे। मोदीनगर में सीवर लाइन बिछ रही है। इधर, मेरठ-दिल्ली हाईवे पर रैपिड रेल ट्रैक का निर्माण जारी है। ऊपर से सप्ताहांत और कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला। ऐसे में हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। इसका असर रोडवेज पर भी पड़ा। बसों का संचालन प्रभावित होने से विभाग को लाखों का झटका लगा। प्रस्तुत है रिपोर्ट…

कारण नंबर-1

निर्माण कार्य और वाहनों के दबाव से चरमराई व्यवस्था

मेरठ-दिल्ली हाईवे पर शनिवार को सुबह से रात तक भीषण जाम लगा रहा। मोदीनगर में सीवर लाइन डालने का काम चलने से करीब सात किमी जाम में हजारों वाहन फंस गए। नतीजा यह रहा कि रोडवेज बसें शाम तक भी अपने गंतव्यों पर नहीं पहुंच पाईं। फेरे घटने से परिवहन निगम को लाखों रुपये का घाटा पहुंचा। वहीं हजारों यात्री परेशान रहे।

मोदीनगर में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डालने का काम पिछले डेढ़ साल से चल रहा है। जल निगम द्वारा सीवर लाइन डालने के लिए दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सीकरी पेट्रोल पंप से मोदीनगर तहसील तक दो दर्जन से अधिक स्थानों पर गहरे गड्ढे खोदकर निर्माण कार्य किया रहा है। निर्माण वाले स्थान पर बैरीकेड्स लगे हुए हैं। वहीं इसी मार्ग पर रैपिड रेल के पिलर बनाए जा रहे हैं। सड़क पर निर्माण सामग्री पड़े होने से वह संकरी हो गई है। ऐसे में निर्माण कार्य और वाहनों के दबाव के चलते शनिवार सुबह से ही मोदीनगर में शुगर मिल से तेल मिल तक जाम लग गया। सबसे पहले सौंदा कट के पास यूटर्न लेने वाले वाहनों से जाम की शुरुआत हुई।

कारण नंबर-2

नेताओं के काफिले ने रोक ने वाहनों की गति

दोपहर एक बजे मोदीनगर और मोहिद्दीनपुर में सैकड़ों कांग्रेसी प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए अपने वाहनों संग खड़े हो गए। इससे जाम की विभीषिका और बढ़ गई। गाजियाबाद से मेरठ आने वाली लेन में वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। जाम के कारण गांव अबूपुर से मोहिद्दीनपुर व मोहिद्दीनपुर से मुरादनगर गंगनहर तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। इधर, जाम से बचने के लिए राहगीरों ने गंगनहर पटरी मार्ग का सहारा लिया। जाम की स्थिति रात तक बनी रही।

कारण नंबर-3

मुरादनगर में ट्रक खराब, ओवरटेक ने बढ़ाया सिरदर्द

मुरादनगर में बेरीकेडिंग लगाकर तेजी से रैपिड रेल का काम हो रहा है। इससे रास्ता संकरा हो गया है। इन सबके बीच शनिवार को सुबह बीच रास्ते में एक ट्रक खराब हो गया, जिसके कारण लंबा जाम लग गया। ऐसे में एनसीआरटीसी ने मार्शल सड़कों पर उतारे और यातायात को सुगम करने का प्रयास किया।

शनिवार सुबह रैपिड के काम में लगा ट्रक मुरादनगर में गंगा कैनाल पर बीच रास्ते में खराब हो गया। वहीं, मुरादनगर में सवारियों को बैठाने के चक्कर में रोडवेज बस ने ओवरटेक किया और दूसरी ओर भी मार्ग जाम लग गया। मोहिउद्दीनपुर तक वाहन जाम में फंसे रहे। सबसे ज्यादा परेशानी रोडवेज बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को हुई। भीषण जाम में फंसी महिला और बच्चे भूख प्यास से व्याकुल नजर आए।

सड़कों पर उतरे मार्शल

एनसीईआरटीसी प्रवक्ता पुनीत वत्स ने बताया कि मुरादनगर में गंगा कैनाल पर ही ट्रक खराब होने के कारण जाम लगा। सप्ताहांत होने के कारण भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। मार्शलों के जरिए यातायात को सुगम बनाने का प्रयास किया गया।

राहत की उम्मीद

दिल्ली-मेरठ मार्ग पर प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। इस मार्ग पर लगने वाले जाम को देखते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य कराया गया है। इसके अलावा गंगनहर की दूसरी पटरी पर भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। उम्मीद है कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे शुरू होने के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम से राहत मिल सकती है।

सात जगह पुलिस ड्यूटी

रैपिड रेल व सीवर लाइन डालने के निर्माण कार्य होने के चलते अक्सर दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम लग जाता है। जाम को देखते हुए हाईवे पर सात स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शनिवार को वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते जाम लग गया। जाम से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयारी की जा रही है।

– सुनील कुमार, सीओ मोदीनगर

बरत रहे एहतियात

जल निगम द्वारा दिल्ली मेरठ मार्ग पर सड़क किनारे सीवर लाइन डालने का काम किया जा रहा है। एक दो स्थान को छोड़ दें तो जल निगम के निर्माण कार्य से जाम नहीं लगता है। जल निगम द्वारा पूरी सावधानी एहितयात तौर पर काम किया जा रहा है।

– अमीरुल हसन, अधिशासी अधिकारी, जल निगम

जाम में फंसीं रोडवेज बसें, हजारों यात्री परेशान

मेरठ। संवाददाता

मुरादनगर में बेरीकेडिंग लगाकर चल रहे काम और ट्रक खराब होने के चलते मोदीनगर में लगे जाम में रोडवेज बसें फंस गईं। यात्री बस अड्डों पर बसों का इंतजार करते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली और नोएडा जाने वाले यात्रियों को हुई।

शनिवार सुबह मोदीनगर में ट्रक के खराब होने के कारण लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते वाहनों की कतार लगने लगी। दूसरी ओर रोडवेज बसों को मोड़ने के लिए जगह नहीं बची। इधर रोड से निकल रहे वाहन भी बीच में आ फंसे। कुछ ही देर में भीषण जाम लग गया। बसें जहां की तहां खड़ी रहने से यात्री परेशान हो उठे। लोग गाड़ियों से उतरकर सड़क पर आ गए। दिल्ली और नोएडा से आने वाली बसें भी मोदीनगर में लगे जाम में फंस गई। यात्री भैसाली बस अड्डे पर बसों का इंतजार करते रहे। पूछताछ केंद्र से जानकारी दी गई कि बसें जाम में फंसी होने के चलते नहीं आ पा रही है। काफी देर तक यात्रियों ने बसों का इंतजार किया। जाम खुलने के घंटों बाद बसें पहुंची तो यात्रियों ने राहत की सांस ली।

रोजाना 250 बसों का संचालन

भैंसाली बस डिपो और मेरठ डिपो से से दिल्ली की तरफ रोजाना करीब ढाई सौ बसें चलती हैं। शनिवार को नेशनल हाईवे पर जाम के कारण बसों का संचालन बाधित हो गया। दूसरे शहर से बसें, अड्डे पर नहीं पहुंचीं। हालांकि, सुबह करीब 85 बसें अपने-अपने रूटों पर निकली थी। लेकिन जाम में फंसने की वजह से देर शाम तक भी नहीं पहुंच सकी। इस वजह से दूसरी बसों का संचालन नहीं हो सका। देर शाम करीब चार बजे के बाद बसों का संचालन हो सका।

घटाने पड़े बसों के फेरे

मेरठ से दिल्ली की ओर एक रोडवेज बस 3 से 4 फेरे प्रतिदिन लगाती है। जाम के चलते फेरों पर असर पड़ा। बस को एक फेरा पूरा करने में ही आधा दिन निकल गया। शाम केा दूसरा फेरा लेकर बसें दिल्ली रवाना हुईं। इससे आर्थिक नुकसान भी पहुंचा।

शाम को उमड़ी भीड़

जाम के चलते भैंसाली बस डीपो पर यात्रियों की भीड़ रही। बसों के नहीं आने से यात्री बस अड्डे पर ही इंतजार करते दिखाई दिए। दोपहर बाद जब बसों का संचालन सुचारू होना शुरू हुआ तो यात्रियों की भीड़ बसों में उमड़ पड़ी। अमूमन एक बस को भरने और चलने में विभाग 15 से 20 मिनट का समय लेता है लेकिन शनिवार को दृश्य कुछ और ही रहा। संचालन शुरू होते ही यात्रियों को लेकर बसें डिपो से 2 से 3 मिनट में ही चलने लगीं। यात्रियों को खड़े होने के लिए भी जगह नहीं मिल रही थी।साभार-हिन्दुस्तान न्यूज़

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version