गाजियाबाद,यूपी गेट पर परिवार संग नववर्ष मनाएंगे किसान

गाजियाबाद। यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में एक जनवरी को किसान परिवार के साथ नववर्ष मनाएंगे। किसान अब आंदोलन में अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचेंगे। सोमवार को मंच से किसानों को अपने घरों से महिलाओं और बच्चों को लाने का आह्वान किया गया। सभी लोग एक जनवरी को नया साल एक साथ मिलकर मनाएंगे।

यूपी गेट पर किसान आंदोलन को 33 दिन हो चुके हैं। लगातार किसानों की संख्या बढ़ रही है। आंदोलन को और मजबूत बनाने के लिए किसानों ने नई रणनीति तैयार की है। धरनास्थल पर बनी कमेटी ने निर्णय लिया है कि इस बार सभी किसान एक जनवरी को यूपी गेट पर अपने परिवार के साथ नववर्ष मनाएंगे। सभी को बोला गया कि नववर्ष मनाने के लिए कोई भी घर नहीं जाए। बल्कि सभी किसान अपने घर की महिलाओं और बच्चों को भी धरनास्थल पर बुलाएं।

सभी किसान इस बार एक साथ मिलकर बॉर्डर पर नया साल मनाएंगे। आह्वान के बाद किसानों ने अपने परिवार से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही गांव के लोगों से संपर्क कर परिवार के साथ आने के लिए बोल रहे हैं। जिससे एक जनवरी से पहले ही ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग आंदोलन में पहुंच सकें। वहीं पहले से आंदोलन में महिलाओं की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। मंच से आह्वान के बाद से महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

महिलाओं के लिए की जा रही व्यवस्था
आंदोलन में आने वाली महिलाओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसे लेकर किसानों ने काम शुरू कर दिया है। महिलाओं के रहने की व्यवस्था करने के लिए अलग से 10 लोगों की कमेटी बनाई है। यह कमेटी आंदोलन स्थल पर महिलाओं के रहने के साथ ही खाने-पीने की व्यवस्था देखेगी।

राजनीतिक पार्टी में सक्रिय व्यक्ति को नहीं मिलेगी मंच पर जगह
किसानों की तरफ से बनाई कमेटी ने निर्णय लिया है कि राजनीतिक पार्टी में सक्रिय व्यक्ति को मंच पर जगह नहीं मिलेगी। कमेटी के लोगों का कहना है कि आंदोलन में राजनीतिक पार्टी से जुड़ा व्यक्ति किसान के रूप में आ सकता है और अपनी सेवा दे सकता है लेकिन उसे मंच पर कोई जगह नहीं दी जाएगी।साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

 

Exit mobile version