अन्नदाता की आवाजः बापू और भगत सिंह के दिखाए रास्ते पर बढ़ेगा किसान आंदोलन

किसान आंदोलन के 29 वे दिन गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। हर नए दिन के साथ बॉर्डर पर किसानों की संख्या बढ़ती जा रही है। देश के कई राज्यों से आए अन्नदाता यहां पहुंच रहे हैं। अन्नदाताओं की बढ़ती संख्या के साथ मेडिकल कैंप और लंगर भी बढ़ते जा रहे हैं।

दिल्ली मेरठ हाईवे पर किसानों के धरना स्थल पर बना मंच भी रोज नए-नए रूप ले रहा है। अब यह मंच पहले के मुकाबले काफी भव्य हो गया है। इसके एक तरफ किसान मसीहा महेंद्र सिंह टिकैत और दूसरी तरफ शहीद ए आजम भगत सिंह की फोटो लगाई गई है।

सुबह 11 से शाम 5 बजे तक किसान नेता यहां अन्नदाताओं को संबोधित करते हैं। बृहस्पतिवार को किसान नेताओं ने कहा कि अब यह आंदोलन महात्मा गांधी और भगत सिंह के दिखाए रास्ते पर चल कर आगे बढ़ेगा। अन्नदाताओं का कहना है कि इस आर-पार की लड़ाई में वह अपना बलिदान देने में भी नहीं कतराएंगे।

भारतीय किसान यूनियन( भाकियू) के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि यह आंदोलन भारत के इतिहास में याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी किसानों के साथ-साथ देश की जनता को भी इन कृषि कानूनों के प्रति जागरूक होना होगा और इस लड़ाई में किसानों का साथ देना होगा।

किसान नेता राजवीर ने कहा कि हिंदुस्तान का किसान जितना महात्मा गांधी को मानता है उतना ही शहीद भगत सिंह को भी मानता है। उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन अब इन दोनों महापुरुषों के दिखाए गए रास्तों पर चलकर आगे बढ़ेगा।

किसानों पर चढ़ रहा है देशभक्ति का रंग
जैसे-जैसे स्वतंत्रता दिवस नजदीक आ रहा है गाजीपुर बॉर्डर पर मौजूद किसानों पर देशभक्ति का रंग चढ़ रहा है। इस समय कई शिविरों के बाहर राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे हैं। इन्हीं में एक शिविर में मौजूद किसान परमिंदर ने बताया कि पंजाब के किसानों के परिवारों में कई लोग भारतीय फौज में है। इस समय किसान और जवान दोनों ही अपना फर्ज निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के अंदर देशभक्ति की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है। कुछ दिनों में सभी शिविरों के बाहर तिरंगा लहराता नजर आएगा। साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

Exit mobile version