गाजियाबाद,गंगनहर पटरी पर बनेगा नया कांवड़ मार्ग, हादसों और जाम से मिलेगी निजात

गाजियाबाद। गंगनहर पटरी पर नया कांवड़ मार्ग बनेगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इसके निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। गंगनहर की दायीं पटरी पर 111.49 किमी लंबे नए कांवड़ मार्ग के निर्माण पर 628.74 करोड़ खर्च होंगे। इसी सप्ताह शासनादेश जारी होने के बाद निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। गाजियाबाद से मेरठ और मुजफ्फरनगर तक गंगनहर की दायीं पटरी पर प्रस्तावित नए कांवड़ मार्ग की सड़क सात मीटर चौड़ी व दो लेन की होगी।

नए कांवड़ मार्ग के निर्माण से गंगनहर पटरी पर होने वाले हादसों में कमी आने के साथ दिल्ली-मेरठ हाईवे पर वाहनों का दबाव कम होने से जाम से भी निजात मिलेगी। दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से नए कांवड़ मार्ग का डिजाइन तैयार किया जाएगा। सात मीटर की काली सड़क के दोनों ओर ढाई मीटर की पटरी होगी। पीडब्ल्यूडी ने इसके निर्माण की समयसीमा 2022 के मध्य तक की तय की है। वर्तमान में गंगनहर की पटरी पर सिंगल लेन मार्ग होने से बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग का प्रयोग करने से बचते हैं। इससे दिल्ली-मेरठ हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है और आए दिन जाम की समस्या रहती है। नए कांवड़ मार्ग से जाम और हादसों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

एक आरओबी, फ्लाईओवर व 10 पुल बनेंगे
गंगनहर की पटरी पर दायीं ओर नए कांवड़ मार्ग की लंबाई कुल 111.49 किलोमीटर है। नए कांवड़ मार्ग में गाजियाबाद में 12.35 किमी, मेरठ में 42.30 किमी और सबसे ज्यादा 56 किमी का एरिया मुजफ्फरनगर क्षेत्र में आता है। ऐसे में नए कांवड़ मार्ग में यातायात को रफ्तार देने के लिए मुजफ्फरनगर में एक रेलवे ओवरब्रिज और फ्लाईओवर के साथ पूरे मार्ग में 10 पुलों का निर्माण किया जाएगा। नए पुलों का निर्माण सेतु निगम की ओर से किया जाएगा।

पहले कटेंगे पेड़, मार्च 2021 तक शुरू होगा निर्माण
111.49 किमी लंबे नए कांवड़ मार्ग के निर्माण से पहले करीब 40 हजार पेड़ों को काटा जाएगा। निविदा प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पीडब्ल्यूडी, वन विभाग और सिंचाई विभाग की टीम संयुक्त रूप से मार्ग का निरीक्षण करेगी। पेड़ों को काटने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मार्च 2021 से नए कांवड़ मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

गाजियाबाद से मुजफ्फरनगर, उत्तराखंड जाने वालों को मिलेगी बड़ी राहत
नए कांवड़ मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद गाजियाबाद से मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड जाने वाले लोगों को मोदीनगर और फिर मेरठ होकर नहीं जाना होगा। इससे दिल्ली-मेरठ हाईवे के बाद आगे हाईवे पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। मोदीनगर और मुरादनगर में रोजाना सुबह-शाम लगने वाले जाम से शहरवासियों को निजात मिलेगी।

कोट….
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाले कांवड़ मार्ग प्रोजेक्ट को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है। इस सप्ताह शासनादेश जारी होने के बाद माह के अंत तक निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पहले मार्ग में आने वाली पेड़ों को काटे जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। 2022 तक नया कांवड़ मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। -संदीप कुमार, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी-साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version