यमुना एक्सप्रेसवेः कोहरा लगाएगा रफ्तार पर ब्रेक, 15 दिसंबर से गति के नए नियम

आगरा से नोएडा वाया अलीगढ़ यमुना एक्सप्रेसवे पर 15 दिसंबर से वाहनों की रफ्तार पर लगाम लग जाएगी। कोहरे को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी ने कारों की गति 80 व भारी वाहनों की गति 60 किमी प्रतिघंटा निर्धारित कर दी है। 15 फरवरी तक यह नियम लागू रहेगा। इस नियम का पालन कराने के लिए 19 सीसीटीवी, 25 वीडियो डिटेक्शन और 30 स्पीड कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। रात एक बजे से सुबह पांच बजे के बीच इस एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाने वाले चालकों को टोल प्लाजा पर निशुल्क चाय- काफी दी जाएगी, जिससे उनको नींद न आए और दुर्घटना की संभावना न रहे।

आगरा से होकर मथुरा, हाथरस और अलीगढ़ के रास्ते नोएडा तक जाने वाले 165 किमी लंबे इस एक्सप्रेसवे का 18 किमी का हिस्सा अलीगढ़ और दो किमी का हिस्सा हाथरस में है। हाल ही में एक्सप्रेसवे अथॉरिटी की ओर से इस मार्ग की सुरक्षा का ऑडिट कराया गया, जिसमें इस मार्ग पर हादसों का सबसे बड़ा कारण रफ्तार को माना गया। इसके चलते इस बार कोहरे के दौरान रफ्तार पर लगाम लगाने का प्लान तैयार किया गया है।

चाय-काफी देने का प्रस्ताव दो साल से कागजों में था
रात के एक बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक के समय में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इसका कारण चालकों को नींद आना है। इसे देखते हुए एक्सप्रेसवे पर इस दौरान वाहन लेकर गुजरने वाले चालकों को टोल प्लाजा पर निशुल्क चाय-काफी देने का प्रस्ताव दो साल पहले तैयार किया गया था। मगर, यह प्रस्ताव फाइलों में दबा रहा। अब फिर से प्रस्ताव तैयार किया गया है और अथॉरिटी ने इस पर मुहर लगा दी है।

तय रफ्तार से अधिक पर वाहन दौड़ाया तो होगा चालान
15 दिसंबर से 15 फरवरी के बीच वाहनों की रफ्तार को कम करने संबंधी आदेश को यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डा. अरुणवीर सिंह की ओर से जारी किया गया है। निर्देशों में साफ  है कि अगर कोई चालक तय रफ्तार से अधिक वाहन दौड़ाता है तो सीसीटीवी कैमरे वाहन की नंबर प्लेट का फोटो खींच लेंगे, जिससे वाहन का डाटा सीधे एनआईसी के पास पहुंच जाएगा और वहां से चालान कट जाएगा।साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version