गाजियाबाद, तेंदुआ को लेकर आर्डिनेंस फैक्टरी में चला सर्च ऑपरेशन, नहीं मिले सुराग

गाजियाबाद/मुरादनगर। मुरादनगर व एएलटी सेंटर में बृहस्पतिवार स्थानीय लोगों द्वारा तेंदुआ देखे जाने के बाद वन विभाग की टीम खोजबीन में जुटी है। ऑर्डिनेंस फैक्टरी परिसर में मोदीनगर रेंज की टीम सर्च कर रही है। विभाग की ओर से वहां पिंजड़ा लगा दिया है। वहीं एएलटी सेंटर में भी टीम मौजूद रही। परिसर में विभाग की ओर से पहले ही पिंजड़ा लगाया गया है। दोनों ही परिसर में वन क्षेत्र होने से विभागीय अधिकारी तेंदुआ होने से इनकार नहीं कर रहे हैं।

वाइल्ड लाइफ की टीम भी साक्ष्य खंगालने में जुटी है। अभी तक तेंदुआ की मौजूदगी को लेकर कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। तेंदुआ होने की खबर मिलने के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं। विभाग की ओर से भी सतर्क रहने को कहा गया है। शहर के राजकुंज में 24 नवंबर को पहली बार तेंदुआ देखा गया था। उसके बाद वन विभाग को राजकुंज और इंग्राहम इंस्टीट्यूट परिसर में तेंदुआ के पंजों के निशान मिले थे। बृहस्पतिवार को पहली बार मुरादनगर ऑर्डिनेंस फैक्टरी में तेंदुआ के पंजों के निशान मिले हैं। इससे तेंदुआ के जिले में होने की संभावना बढ़ गई है। फैक्टरी में कार्यरत चार लोगों ने बुधवार रात को तेंदुआ देखने की बात वन विभाग को बताई है। इसके आधार पर मोदीनगर रेंज के क्षेत्राधिकारी क्षेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम खोजबीन पर रही है।

साथ ही एएलटी सेंटर में भी एक महिला और एक बच्चे ने भी तेंदुआ देखने की बात कही। वहां भी विभाग की टीम पड़ताल कर रही है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अभी तक तेंदुआ को लेकर और कोई भी साक्ष्य नहीं मिले हैं। जिले में पांच टीमें तेंदुआ की तलाश में जुटी हैं। मेरठ मंडल के मुख्य वन संरक्षक के आदेश पर आसपास की रेंज की टीम भी तेंदुआ को पकड़ने में लगी है। ड्रोन से भी संदिग्ध क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया लेकिन अभी तक विभाग के हाथ खाली हैं।

ऑर्डिनेंस फैक्टरी व एएलटी सेंटर में दहशत – लोगों द्वारा तेंदुआ देखने की बात सामने आने के बाद ऑर्डिनेंस फैक्टरी परिसर में रह रहे लोगों में दहशत का माहौल है। फैक्टरी परिसर में लगभग 3000 से अधिक की आबादी है। एएलटी सेंटर के आवासीय परिसर में भी लगभग 40-45 परिवारों में डर का माहौल है। सुरक्षा के लिहाज से लोग अकेले बाहर नहीं निकल रहे हैं। बच्चों को बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। रात को बाहर आने से परहेज कर रहे हैं। विभाग की ओर से भी लोगों से घर ग्रुप में और आवाज करते हुए निकलने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने को कहा गया है।

आशुतोष पांडे, एसडीओ गाजियाबाद डिवीजन – मुरादनगर ऑर्डिनेंस फैक्टरी में तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद विभाग मुस्तैदी के साथ सर्च कर रहा है। एएलटी सेंटर में भी सर्च किया गया। दोनों जगह पिंजड़े भी लगाए गए हैं। लोगों को अलर्ट रहने को कहा गया है।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version