गाजियाबाद,बैंक के एजीएम-इंजीनियर के फ्लैट में लाखों की चोरी

साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित एपेक्स दी फ्लोरस सोसायटी में रहने वाले बैंक ऑफ इंडिया के एजीएम और निजी कंपनी के इंजीनियर के फ्लैट का ताला तोड़कर चोर लाखों का माल ले गए। घटना के दौरान दोनों पीड़ित परिवार बाहर गया हुआ था। शनिवार शाम लौटने पर परिवारों को वारदात का पता चला। दोनों पीड़ितों ने इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।

दिवाली पर गए थे मेरठ, घर लौटने पर टूटा मिला मेनगेट का ताला
एपेक्स सोसायटी के टावर बी में 1202 में अक्षत अग्रवाल पत्नी के साथ रहते हैं। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि वह दिवाली पर 13 नवंबर को मेरठ स्थित पैतृक गांव चले गए। इस दौरान फ्लैट पर ताला बंद था। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह अपने माता-पिता और पत्नी के साथ घर पहुंचे तो मेनगेट पर लगी लोहे की जाली के लॉक को मोड़कर तोड़ा गया था और लकड़ी के दरवाजे पर लटका ताला टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। आलमारी में रखी करीब छह महंगी घड़ियां गायब थीं। पीड़ित ने बताया कि गोल्ड का सामान फ्लैट में नहीं था। इसके चलते चोरों के हाथ नहीं लगा। चोरी हुई घड़ियों की कीमत करीब 60 हजार रुपये है।

बी 402 में आशुतोष मिश्रा परिवार के साथ रहते हैं। वह बैंक ऑफ इंडिया में एजीएम हैं। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार सुबह नोएडा अपने परिचित के यहां चले गए। शनिवार रात को करीब 10.30 बजे जब वह वापस लौटे तो मेनगेट का दरवाजे में लगा लॉक टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। सभी कमरों में सामान बिखरा हुआ था। आलमारी में रखे करीब दस लाख रुपये के जेवर और करीब दस हजार रुपये के 50-20 के नोटों की गड्डी गायब थीं। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। दोनों पीड़ितों ने इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version