गाजियाबाद,कारीगर ने की महिला टेलर की गला काटकर हत्या

गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम के ई-ब्लॉक में महिला टेलर सोनिया (30) की उसके ही कारीगर मनोज निवासी उखलारसी मुरादनगर ने चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी। शनिवार को दिनदहाड़े हुई घटना से पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, पति से विवाद के चलते सोनिया करीब एक साल से उससे अलग रहती थी। पति रिंकूकी तहरीर पर मधुबन-बापूधाम पुलिस ने मनोज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर चंद घंटों में ही उसे गिरफ्तार कर लिया। मनोज ने पुलिस को बताया कि रुपयों के लेन-देन के विवाद में उसने सोनिया की हत्या की है।

एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि सोनिया की शादी करीब नौ साल पहले पुलिस लाइन के पास प्रताप नगर निवासी रिंकू चौहान से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। सोनिया टेलरिंग का काम करती थी। आपसी विवाद के चलते सोनिया करीब एक साल से पति से अलग रह रही थी। उसके दोनों बच्चे भी पति के पास ही रहते हैं। सोनिया करीब छह माह से मधुबन-बापूधाम ई-ब्लॉक स्थित बिल्डिंग में दूसरी मंजिल के फ्लैट में किराए पर रह रही थी। शनिवार दोपहर घर में ही सोनिया की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक, हत्यारे ने सोनिया की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हत्या की सूचना मिलते ही मधुबन-बापूधाम एसएचओ अमित कुमार खारी मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी प्रथम अभिषेक वर्मा और सीओ द्वितीय अवनीश कुमार ने भी मौका मुआयना किया। सोनिया के पति को मौके पर बुलाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इन तीन वजह से मनोज पर गहराया शक

सोनिया के पति रिंकू चौहान ने उखलारसी मुरादनगर निवासी मनोज पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। रिंकू का कहना है कि मनोज का उसकी पत्नी के पास आना-जाना था। पुलिस ने जांच की तो तीन वजह से मनोज पर शक गहराया। पुलिस केमुताबिक, मनोज और सोनिया पहले एक टेलर के यहां नौकरी करते थे। बाद में दोनों ने टेलरिंग का अपना अलग काम शुरू कर दिया।

मनोज टेलरिंग के काम में सोनिया का कारीगर था। सुबह करीब 11 बजे सोनिया ने एक व्यक्ति को आखिरी बार कॉल की थी। पूछताछ करने पर उसने बताया कि मोबाइल पर बातचीत के दौरान सोनिया के कमरे में मनोज मौजूद था। बीच-बीच में उसकी मनोज से बहस हो रही थी। साथ ही घटना से कुछ समय पहले ही पड़ोसियों ने मनोज को फ्लैट की सीढ़ियों से उतरते हुए देखा था।

जानकारों से भी मनोज की शिकायत कर रही थी सोनिया

मनोज सोनिया को पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रहा था। सोनिया ने भी अपने संपर्क के कुछ लोगों से उसकी शिकायत की थी। सोनिया कहती थी कि करीगर मनोज उसे परेशान कर रहा है। वह शराब पीकर घर आ जाता है और हिसाब-किताब में हेराफेरी का आरोप लगाकर गालीगलौज व अभद्रता करता है।

एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि शनिवार को भी मनोज सोनिया के घर पहुंचा और रुपयों की मांग की। सोनिया ने पैसे नहीं दिए तो उससे विवाद हो गया। जिसके बाद उसने घर में ही रखे चाकू से गर्दन व गले पर ताबड़तोड़ वार कर सोनिया की हत्या कर दी। शाम करीब साढ़े पांच बजे मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version