यूपी में कोविड-19,चार सप्ताह में 38 प्रतिशत कम हुए कोरोना के केस, 24 घंटे में 3663 कोरोना संक्रमित मिले, महामारी से 61 मरीजों ने तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश में कोरोना का असर पहले की तुलना में थोड़ा धीमा हुआ है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में मंगलवार को 3663 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जबकि 4432 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं एक दिन में 61 मरीजों की संक्रमण की वजह से मौत हो गई। यूपी में मौजूदा समय में 44,031 एक्टिव केस है। हालांकि इसमें खास बात यह है कि, बीते 17 सितंबर के बाद से 23,235 एक्टिव केस कम हुए। इस तरह एक्टिव मरीजों की संख्या में 38 प्रतिशत की कमी आई है। मंगलवार तक प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 4 लाख 14 हजार 784 केस पहुंच गई है।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 4432 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही अब तक प्रदेश में मरीजों को ठीक होने की संख्या 370,753 हो चुकी है। ऐसे में प्रदेश में मरीजों के ठीक होने की दर 87.75% हो गई है। वहीं टेस्ट पॉजिटिविटी रेट में 46% की गिरावट दर्ज की गई है।

बीते चार सप्ताह में नए मरीजों की संख्या में गिरावट-

प्रसाद के अनुसार 7 से 13 सितंबर के बीच कुल 48,287 केस आए थे। उस सप्ताह का पॉजिटिविटी रेट 4.8% था। 14 से 20 सितंबर के दौरान 42,141 नए केस आए थे और पॉजिटिविटी रेट दर 4.3% था। 21 से 27 दिसंबर तक 33,256 केस मिले हैं उस वक्त पॉजिटिविटी रेट 3.10% था। इसी तरह 28 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच 30,060 केस मिले थे इस सप्ताह पॉजिटिविटी रेट 2.8 प्रतिशत था। इस तरह बीते 4 सप्ताह में नए मरीजों की संख्या 38 प्रतिशत की गिरावट हुई है।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि, कल प्रदेश में 1,56,336 सैंपल्स की जांच की गई। अब तक कुल 1,10,44,860 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।कोरोना से अब तक कुल 6,153 लोगों की मृत्यु हुई है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि, अभी तक कोई वैक्सीन नहीं है इसलिए हमें सावधानी बरतकर संक्रमण से बचे रहना ही सबसे अच्छा तरीका है, हमारे लिए सबसे अच्छा उपाए यही है कि हम अपने हाथ को बार-बार साबुन से धुले और अपने मुंह व नाक को मास्क या साफ कपड़े से ढक कर रखें।साभार – दैनिक भास्कर

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version