राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते से क्लोन चेक के जरिए निकाले गए लाखों रुपए – धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

अयोध्या: क्लोन चेक के जरिए अयोध्या के राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते से 6 लाख रुपए निकाल लिए गए। इस जालसाजी का खुलासा तब हुआ जब जालसाज ने 9 लाख 86 हजार रुपए का तीसरा क्लोन चेक लखनऊ के बैंक ऑफ बड़ौदा में पेमेंट के लिए लगाया। बड़ी रकम होने के कारण बैंक ने इस बार ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से कंफर्म किया तो, उन्होंने ऐसा कोई चेक जारी करने से मना कर दिया. इसके बाद बैंक ने पेमेंट रोकते हुए इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, बैंक की सक्रियता के कारण धोखाधड़ी कर निकले गए 6 लाख रुपए में से 2 लाख रुपए पर स्टाप पेमेंट लगा दिया गया लेकिन फिर भी 4 लाख रुपए का चूना ट्रस्ट को लग गया।

धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज-
वहीं, चंपत राय ने अयोध्या पुलिस से इसकी शिकायत की जिसके बाद देर शाम अयोध्या कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अयोध्या राजेश राय का कहना है कि देर शाम शिकायत के बाद धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जालसाजों ने हड़प कर लिया पैसा-
इस धोखाधड़ी की शुरुआत एक सितंबर को उस समय हुई जब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते का एक क्लोन चेक लखनऊ के पंजाब नेशनल बैंक शाखा में लगाया गया। ये चेक ढाई लाख रुपए का था। छोटी रकम होने के कारण इस चेक का वेरिफिकेशन नहीं हुआ और ये रकम पास हो गई। इसके दो दिन बाद इसी तरह लखनऊ के ही उसी बैंक में साढ़े तीन लाख रुपए का एक और क्लोन चेक लगाया गया और ये चेक भी पास हो गया. इस तरह छह लाख रुपए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पैसा जालसाजों ने हड़प कर लिया।

पुलिस ने शुरू की जांच-
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये फर्जी चेक लखनऊ के पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा के चेक क्लीयरिंग बॉक्स में डाला गया और सेट्ठी नाम के एक व्यक्ति के अकाउंट में छह लाख जो दो अलग-अलग चेक से निकाले गए थे वो पैसा पंजाब नेशनल बैंक के ही उस व्यक्ति के खाते में क्रेडिट हुआ। हालांकि बैंक को जानकारी होते ही जिस खाते में पैसा क्रेडिट हुआ था उसकी जांच की गई तो पता चला कि 4 लाख रुपए जालसाज व्यक्ति ने निकाल लिए थे जबकि 2 लाख रुपए उस खाते में था जिसपर स्टाप पेमेंट लगा दिया गया। अयोध्या पुलिस ने उन दो फर्जी चेक की कॉपी मंगाई है और सेट्ठी के उस बैंक खाते की डिटेल भी मंगी है जिस खाते में ट्रस्ट के फर्जी चेक पर निकाला गया पैसा क्रेडिट हुआ है।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version