नहीं रहे गाजियाबाद के ‘डैडी’

हमारा गाजियाबाद ब्यूरो।राजनीतिक हलके में डैडी के नाम से मशहूर पूर्व सांसद सुरेंद्र गोयल का कोरोना से शुक्रवार सुबह निधन हो गया। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में बीते कई दिन से भर्ती कांग्रेस के जुझारु नेता कोरोना से जंग हार गए। सुरेंद्र गोयल के निधन से कांग्रेस के तीन दिन में दूसरे बड़े नेता की क्षति हुई है। सुरेंद्र गोयल गाजियाबाद की बड़ी राजनीतिक शख्सियत रहे हैं।

करीब 80 वर्षीय सुरेंद्र गोयल देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे जिन्होंने स्थानीय निकाय से लेकर देश की सबसे बड़ी पंचायत यानि संसद तक का सफर तय किया। वर्ष 2004 से वर्ष 2009 तक सुरेंद्र गोयल हापुड़-गाजियाबाद लोकसभा सीट से सांसद रहे। इसके बाद वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में वह भाजपा के दिग्गज नेता एवं तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह से चुनाव हार गए थे, लेकिन पार्टी में उनकी अहमियत कम नहीं हुई थी। सुरेंद्र गोयल ने इसके बाद वर्ष 2012 और वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा, हालांकि इसमें उन्हें जीत नहीं मिल पाई लेकिन उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं रही। गोयल वर्ष 2002 से 2004 तक गाजियाबाद सीट से विधायक भी रहे। जबकि 80 के दशक में वह सिटी बोर्ड चेयरमैन रहे। गोयल के निधन पर शहर के अनेक लोगों ने दुख जताया है।

 

Exit mobile version