इंदिरापुरम: पुलिस चौकी के सामने परिवार को बेहोश कर लाखों की चोरी

इंदिरापुरम में अभयखंड पुलिस चौकी के सामने न्याय खंड एक में परिवार को बेहोश कर चोर लाखों के गहने व नकदी चोरी कर फरार हो गए। जाली काटकर चोरों ने अंदर से दरवाजा खोला और घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। वहीं, चोरों ने दो अन्य घरों की भी जाली काटकर चोरी का प्रयास किया। एक घर में कुत्ते के भौंकने पर लोग जग गए। इसके बाद चोर वहां से भाग खड़े हुए।

न्याय खंड एक में प्रमोद तिवारी अपनी व छह साल की बेटी के साथ रहते हैं। वह आरएसएस से जुड़े हैं। घर पर आटा चक्की चलाते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात वह फ्लैट के पीछे वाले कमरे में सोए हुए थे। उनकी पत्नी व बेटी आगे के कमरे में सो रहे थे। रात में घर में पहले कोई बेहोशी की दवा स्प्रे की। इसके बाद जाली काटकर अंदर से दरवाजा खोला और चोर घर में प्रवेश कर गए। घर के सभी लोग गहरी नींद में सो गए थे। चोर तसल्ली से पूरा घर खंगाल गए।

बुधवार सुबह करीब छह बजे प्रमोद सोकर उठे तो उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी में रखे करीब छह लाख रुपये के गहने व 65 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। प्रमोद का कहना है कि अभय खंड पुलिस चौकी से उनका घर महज सौ से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर है। इसके बाद भी चोरों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस एक भी बार गश्त करने नहीं पुहंची। उन्होंने इंदिरापुरम थाना पुलिस को शिकायत दी है।

अन्य तीन घरों में भी चोरी का प्रयास

चोरों ने प्रमोद तिवारी के घर में चोरी करने के बाद चोरों ने सुमित, विवेक और रंजीत के घर में भी चोरी करने का प्रयास किया। चोरों ने जाली तो काट दी लेकिन अंदर से ताला लगा होने के कारण वह चोरी नहीं कर सके। सुमित के घर में कुत्ता है। चोर जाली काट रहे थे तभी कुत्ता भौंकने लगा। सुमित का परिवार जग गया। चोर पकड़ने जाने की डर से फरार हो गए। वहीं, चौकी प्रभारी उदयवीर को घटना संदिग्ध लग रही है। उनका कहना है कि जब परिवार घर में सो रहा है तो चोरी कैसे हो सकती है।

इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि मामले में जांच कर जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने का निर्देश दिया गाय है। रात गश्त भी बढ़ाई गई है, जिससे कहीं कोई घटना न हो। जहां चोरी हुई है। उसके आसपास सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।

साभार : jagran

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version