तय सीमा से अधिक प्याज के भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई

गाज़ियाबाद। प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर गाज़ियाबाद जिला प्रशासन भी गंभीर हो गया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने जिला पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई है जो शहर की विभिन्न मंडियों का औचक निरीक्षण करेगी और कालाबाज़ारियों के खिलाफ कार्यवाही करेगी।

गाज़ियाबाद शहर के लिए बनी टीम का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट शिव प्रताप शुक्ल करेंगे। इस टीम में उनके साथ पुलिस के संबन्धित क्षेत्राधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी भी शामिल होंगे। मोदीनगर तहसील क्षेत्र की ज़िम्मेदारी उप जिलाधिकारी सौम्या पाण्डेय को सौंपी गई है, उनके साथ पुलिस के संबन्धित क्षेत्राधिकारी और मुरादनगर मंडी समिति के सचिव साथ होंगे।

लोनी तहसील क्षेत्र के लिए बनी टीम का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर डीपी सिंह करेंगे। उनकी टीम में पुलिस के संबन्धित क्षेत्राधिकारी और लोनी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी साथ रहेंगे। गाज़ियाबाद सदर तहसील क्षेत्र का जिम्मा उप जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति को सौंपा गया है। उनके साथ पुलिस के संबन्धित क्षेत्राधिकारी और साहिबाबाद मंडी समिति के सचिव साथ होंगे।

जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने बताया कि थोक व्यापारियों को अधिकतम 25 मि. टन तथा फुटकर व्यापारियों को 5 मि. टन प्याज रखने की अनुमति दी गई है। यदि कोई व्यापारी तय सीमा से अधिक प्याज का भंडारण करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

 

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version