कागजों में होता जनसुनवाई पोर्टल पर आई शिकायतों का निस्तारण

गाज़ियाबाद। जनसुनवाई पोर्टल पर नगर निगम की शिकायतों का निगमकर्मी हवाहवाई निस्तारण करने में जुटे हैं। मेयर आशा शर्मा ने शुक्रवार को निगम के आईटी सेल में पहुंचकर एक ऐसी ही शिकायत को देखा, जिसका कर्मचारियों ने केवल कागजों में निस्तारण किया हुआ था, लेकिन वर्तमान में स्थिती जस की तस बनी हुई है।

मेयर आशा शर्मा ने बताया कि उन्हें कई बार ऐसी शिकायत मिली थी कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायतों का केवल कागजों में निस्तारण किया जा रहा है। विजय नगर जोन के काशीराम कॉलोनी से 20 नवंबर को शिकायत की गई थी, जिसका निस्तारण 22 नवंबर को सफाई इंस्पेक्टर द्वारा किया गया जाना दर्शाया गया। साथ ही उसके निस्तारण की सूचना जिलाधिकारी को भी भेजी गई।

मेयर ने शिकायतकर्ता कविता को शुक्रवार को ऑफिस में बैठकर ही फोन मिलाया और उनसे बात की, जिसमें कविता ने बताया कि उन्होंने कूड़ा उठाने शिकायत की थी, लेकिन अब भी समस्या जस की तस बनी हुई है। कविता ने बताया कि शिकायत के बाद सफाई कर्मचारी इलाके में आए थे, लेकिन जबरन हस्ताक्षर कराकर चले गए। कविता से बात पूरी होने के बाद मेयर आशा शर्मा ने सभी कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत दी है।

 

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version