झारखंड चुनाव : चौथे चरण के नामांकन का आज आखिरी दिन, 16 दिसंबर को मतदान

रांची। शनिवार को झारखंड में पहले चरण का मतदान है, जिसमें 13 सीटों पर मतदान होना है। इसी के साथ आज ही चौथे चरण के मतदान के लिए नामांकन का आखिरी दिन है। चौथे चरण में कुल 15 सीटों पर 16 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।

चौथे चरण में कहां होगा चुनाव?

चौथे चरण में जिन सीटों पर वोट डाले जाने हैं उन्हें भाजपा का गढ़ माना जाता है। 16 दिसंबर को मधुपुर, देवघर (SC), बगोदर, जमुआ (SC), गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चंदनक्यारी (SC), सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी और बाघमारा सीट में वोट डाले जाएंगे।

पिछले विधानसभा चुनाव में इन 15 सीटों में से 12 पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा था, जबकि एक सीट उसकी साथी एजेएसयू को मिली थी। लेकिन अब भाजपा के सामने चुनौती है कि अपने ही प्रदर्शन को दोहराए।

लगातार जारी है प्रचार

बता दें कि झारखंड में दोबारा सत्ता में वापसी के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से जान फूंकी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बीजेपी के बड़े नेता राज्य में रैली कर चुके हैं, हालांकि कांग्रेस आलाकमान की ओर से अभी राज्य में कोई रैली नहीं की गई है।

पहले चरण के लिए 30 नवंबर को मतदान

गौरतलब है कि झारखंड में इस बार पांच चरण में मतदान होना है। पहले चरण के लिए शनिवार यानी 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे, जिसमें कुल 13 सीटों के लिए मतदान होगा। झारखंड का काफी हिस्सा नक्सल प्रभावित है, यही कारण है कि यहां पांच चरणों में वोट डाले जाएंगे। शनिवार को जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें चतरा, गुमला, बिष्णुपुर, लोहरदागा, मनिका, लातेहार, पांकी, डाल्टनगंज, बिश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर शामिल हैं।

 

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version