जिले को मिली आठ एंबुलेंस का संचालन आज से

गाज़ियाबाद। गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल लाने और प्रसव के बाद उन्हें घर पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को शासन से 102 की आठ नई एंबुलेंस मिल गई हैं। इनका संचालन आज से शुरू हो जाएगा। रविवार को डाटा फीड नहीं होने के कारण इनका संचालन नहीं किया जा सका।

जिले में संचालित हो रही 108 एंबुलेंस व एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस के बाद अब पुरानी हो चुकी 102 एंबुलेंस को भी बदल दिया गया। पुरानी व निर्धारित किमी से अधिक चल चुकी 102-एंबुलेंस अब सड़क पर नहीं दिखाई देंगी। इनके स्थान पर सोमवार से सड़कों पर नई एंबुलेंस को उतारा जाएगा।

बता दें कि 102 एंबुलेंस का प्रयोग गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल लाने और प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सुरक्षित घर तक पहुंचाने में किया जाता है। वर्तमान में 17 एंबुलेंस संचालित हो रही हैं, लेकिन चार साल से अधिक समय से जनपद में संचालित हो रही 102 एंबुलेंस 2.5 से 3 लाख किमी से अधिक चल चुकी थीं। भले ही वह सड़क पर संचालित हो रही हैं लेकिन, प्रबंधन को कभी भी इनके रास्ते में बंद होने का अंदेशा रहता था।

एंबुलेंस जिला प्रभारी जयवेंद्र सिंह का कहना है कि पुरानी एंबुलेंस के बदलने में आठ नई एंबुलेंस मिलने के बाद राहत मिली है, अब पुरानी एंबुलेंस को सड़क से हटा दिया जाएगा। शासन से नई एंबुलेंस रविवार को मिल चुकी है। पहले इनके डाटा फीडिग का कार्य किया जाएगा। डाटा फीडिग का काम पूरा होने के बाद सोमवार सुबह से ही नई एंबुलेंस को सड़क पर उतारा जाएगा।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version