यूपी समेत 18 राज्यों की 51 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव

नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के साथ सोमवार को 18 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं उनमें उत्तर प्रदेश की 11, गुजरात की 6, बिहार की 5, असम की 4 और हिमाचल प्रदेश की 2, तमिलनाडु की 2, पंजाब की 4, केरल की 5, सिक्किम की 3, राजस्थान की 2 सीटें शामिल हैं।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, मेघालय और तेलंगाना की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। वहीं, बिहार की समस्तीपुर और महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।

यूपी की इन सीटों पर हो रहे हैं उपचुनाव
उत्तर प्रदेश की जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें गंगोह, रामपुर, इगलास (सुरक्षित), लखनऊ कैंट, गोविन्दनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ, जैदपुर, जलालपुर, बलहा और घोसी शामिल हैं। इन सीटों पर अलग-अलग पार्टियों से कुल 110 उम्मीदवार मैदान में हैं। उपचुनाव में चतुष्कोणीय मुकाबले की संभावना है; क्योंकि बीजेपी, बसपा, सपा और कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

बिहार की इन सीटों पर प्रत्याशी आजमा रहे हैं किस्मत
बिहार में पांच विधानसभा सीटों और समस्तीपुर लोकसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में 51 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उपचुनाव में कुल 32 लाख 27 हजार 282 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें इनमें 16 लाख 96 हजार 404 पुरुष व 15 लाख 26 हजार 683 महिला मतदाता और 82 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इनके अतिरिक्त 4113 सर्विस वोटर भी अपना वोट डालेंगे।

गुजरात और मध्य प्रदेश की इन सीटों पर हो रहा उपचुनाव
इसके अलावा गुजरात में अमराईवाड़ी, खेरालू, थराद, लुणावाडा, बयाड और राधनपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही है। वहीं, मध्य प्रदेश की झाबुआ सीट पर वोट डाले जा रहे हैं।

महाराष्ट्र में पीएम मोदी की हुई 9 रैलियां, राहुल ने की 6 जनसभाएं
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी ने जहां पूरे राज्य में नौ रैलियों को संबोधित किया, वहीं राहुल गांधी ने छह जनसभाएं कीं। इस प्रचार अभियान में बीजेपी और शिवसेना के बीच वर्चस्व के लिए जद्दोजहद देखने को मिली। बीजेपी और शिवसेना ने पिछला विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था और क्रमश 122 और 63 सीटें जीती थीं. कांग्रेस को 42 और एनसीपी को 41 सीटें मिली थीं।

महाराष्ट्र चुनाव में कौन-कौन हैं उम्मीदवार
महाराष्ट्र चुनाव मैदान में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण सतारा जिले के कराद दक्षिण से चुनाव मैदान में हैं।

उद्धव ठाकरे के बेटे और युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे मुंबई के वर्ली से चुनाव लड़ रहे हैं। ठाकरे परिवार से चुनावी राजनीति में कदम रखने वाले 29 वर्षीय आदित्य पहले व्यक्ति हैं।

हरियाणा में सत्ता वापसी की आस में कांग्रेस
उधर, हरियाणा में कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही है। हरियाणा में कांग्रेस ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में बीजेपी ने 90 में से 75 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के 1,169 उम्मीदवार हैं चुनाव लड़ रहे।वर्तमान में राज्य विधानसभा में भाजपा के 48 सदस्य हैं।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version