व्यापारियों और नगर निगम अधिकारियों में हुई सुलह

गाजियाबाद। महापौर के हस्तक्षेप के बाद गांधी नगर के व्यापारियों और नगर निगम अधिकारियों में बुधवार को सुलह हो गई। व्यापारियों ने प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर जुर्माने की रकम अदा की और निगम कर्मचारियों से की गई अभद्रता पर खेद व्यक्त किया। निगम कर्मचारियों ने अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को भी कार्रवाई न करने के लिए पत्र भेजा है।

अक्तूबर को नगर निगम की टीम गांधी नगर में प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करने पहुंची थी। यहां एक व्यापारी प्रदीप बंसल के हिंद डिपार्टमेंटल स्टोर पर निगम कर्मचारियों का विरोध हुआ। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। नगर निगम कर्मचारियों और सफाई निरीक्षक ने व्यापारी प्रदीप बंसल और 20 अज्ञात व्यापारियों के खिलाफ लूट व एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कराया था। बुधवार को पहले नगरायुक्त दिनेश चंद्र से व्यापारियों ने मुलाकात की और फिर महापौर आशा शर्मा के कैंप कार्यालय पर निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच वार्ता हुई।

व्यापारियों ने पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर 50 हजार रुपये का जुर्माना अदा किया और निगम कर्मचारियों से नोकझोंक करने पर खेद व्यक्त किया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और किसी भी पक्ष की ओर से कार्रवाई आगे न बढ़ाने की सहमति बनी। महापौर आशा शर्मा ने सभी व्यापारियों से प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल न किए जाने की अपील की। वहीं नगर आयुक्त दिनेश चंद्र ने कहा कि किसी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा, लेकिन सरकार की मंशा के अनुरूप प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग न करके व्यापारी सरकार और नगर निगम को सहयोग करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version