भोपाल : गणपति विसर्जन के दौरान पलटी नाव, 11 लोगों की मौत

भोपाल। एमपी की राजधानी भोपाल में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। विसर्जन के लिए गए लोगों से भरी नाव पलट गई है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि नाव में कुल 18 लोग सवार थे। सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। घटना भोपाल के खटलापुरा घाट की है। प्रशासन ने 11 शवों को तालाब से निकाल लिया है। जबकि एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सात लोगों को सुरक्षित बचाने में कामयाब रही।

मिली जानकारी के मुताबिक, गणपति विसर्जन के दौरान हुए हादसे में शुक्रवार तड़के तीन बजे 11 लोगों की मौत हो गई। मारे गए लोग पिपलानी के 1100 क्वार्टर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। नौका हादसा की सूचना मिलते ही प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए। एसडीआरएफ की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया।

खटलापुरा घाट पर हुए हादसे को मध्य प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जाएगी। नगर निगम से इसकी अलग से घोषणा होगी।

Exit mobile version