नए राज्यपालों की नियुक्ति को लोकतन्त्र के खिलाफ बताया पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री ने

पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने पांच राज्यों के नए राज्यपाल की नियुक्ति को गलत बताया। नारायणसामी ने कहा कि भाजपा और संघ के लोगों को राज्यपाल बनाया जाना लोकतंत्र के खिलाफ है। नारायणसामी ने यह भी आरोप लगाया कि ये सभी नवनियुक्त राज्यपाल भाजपा की कठपुतली की तरह काम करेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को केरल, राजस्थान, तेलंगाना, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में नए राज्यपाल नियुक्त किए थे।

नारायणसामी ने गणेशोत्सव के अवसर पर मनाक्कुला विनायगर मंदिर में पूजा की और लोगों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ये (राज्यपालों की) सभी नियुक्तियां सरकारिया आयोग की अनुशंसा के खिलाफ हैं। सरकारिया आयोग का गठन 1983 में तत्कालीन केंद्र सरकार ने किया था। इस आयोग ने विभिन्न विषयों पर केंद्र-राज्य संबंधों को लेकर कई सिफारिशें की थीं। साथ ही देश के संविधान के तहत कुछ बदलाव के सुझाव भी दिए थे।

आपको बता दें कि राष्ट्रपति ने शाहबानो के मुद्दे पर राजीव गांधी कैबिनेट छोड़ने वाले आरिफ मोहम्मद खान को केरल का गवर्नर बनाया। तमिलनाडु में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन (58) को तेलंगाना की राज्यपाल बनाई गईं। वे सबसे युवा मौजूदा राज्यपाल हैं। कलराज मिश्र को राजस्थान, भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र, बंडारू दत्तात्रेय को हिमाचल प्रदेश भेजा गया।

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version