महिला से चेन लूटकर भाग रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, गोली लगने से कांस्टेबल जख्मी

गाज़ियाबाद के थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में एक महिला की चेन लूट कर भाग रहे बदमाशों और पुलिस की मुठभेड़ में एक शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, उसका साथी पुलिस की आंखों मेंधुल झोंककर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बाइक, एक तमंचा, कारतूस और लूटी गई चेन बरामद की है।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला की चेन लूट ली। महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी। ये सूचना मिलते ही एसएचओ संजीव कुमार सिंह और उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बदमाशों को एलिवेटिड रोड के पास घेर लिया। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसल जाने से वे गिर पड़े। इस दौरान गोली लगने से कांस्टेबल रवि चौधरी घायल हो गए। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को भी गोली लगी है। वहीं, उसका साथी मौके से फरार हो गया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम सचिन कुमार पुत्र राम भूल सिंह बताया। वह ग्राम हीरापुर खुर्द थाना डिबाई जिला बुलंदशहर का निवासी हैं। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

 

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version