Paris Olympics 2024; नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर मेडल

नीरज ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन वह पेरिस में टोक्यो का प्रदर्शन दोहराने में असफल रहे। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक जीत लिया

भारत के प्रमुख भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर की दूरी तक थ्रो कर रजत पदक अपने नाम किया। यह नीरज का इस सत्र का बेहतरीन प्रदर्शन था। इसके साथ ही नीरज आजादी के बाद एथलेटिक्स में दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन पेरिस में वह उस प्रदर्शन को दोहराने में असफल रहे। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक हासिल किया। यह पाकिस्तान का 1992 बार्सीलोना ओलंपिक के बाद पहला ओलंपिक पदक है। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बने नीरज चोपड़ा
नीरज चोपड़ा हालांकि स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव नहीं कर सके, लेकिन वे ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इसके पहले पहलवान सुशील कुमार, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू, और निशानेबाज मनु भाकर ने यह उपलब्धि हासिल की थी। सुशील कुमार ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और 2012 के लंदन ओलंपिक में 66 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीते थे। पीवी सिंधू ने 2016 के रियो ओलंपिक में महिला एकल में रजत और 2020 के टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीते।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के प्रतीक हैं! उन्होंने बार-बार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारत को गर्व है कि वह एक बार फिर ओलंपिक में सफल हुए हैं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वे आने वाली पीढ़ियों के एथलीटों को अपने सपनों को साकार करने और हमारे देश को गर्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
Exit mobile version