सोते हुए मजदूरों के घर में क्रेन घुस गई, एक मजदूर की मौत; कई गंभीर रूप से घायल

दिल्ली:- के पुल प्रल्हादपुर क्षेत्र में एक दुर्घटना हुई है। एक क्रेन नियंत्रण से बाहर हो कर एक घर में घुस गई। इस हादसे में एक मजदूर की मृत्यु हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार तड़के दिल्ली के पुल प्रलाह्दपुर क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की साइट के पास एक तेज रफ्तार क्रेन ने एक घर में टक्कर मार दी। क्रेन की टक्कर से घर की दीवार गिर गई, जिससे वहां सो रहे लोग घायल हो गए। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुल प्रह्लादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों के बयान पर केस दर्ज करके फरार क्रेन चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय गरीबा, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाए गए कमरे में रहता था, उसी विभाग के लिए काम करता था। हादसे में घायल खेमचन्द, हरकौर, रामेश्वर, और घनश्याम भी PWD के लिए मजदूरी करते थे। सभी एक ही कमरे में रहते थे। मृतक और घायलों के परिजन उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के पाली थाना क्षेत्र के ठगारी ग्राम में रहते हैं। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 3:56 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एमबी रोड के पास एक घर में क्रेन घुस गई है। एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एक क्रेन घर में घुसी हुई थी और घर की दीवार गिर चुकी थी। पुलिस ने दीवार के मलबे से घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल गरीबा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का उपचार चल रहा है। सभी घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोट आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मेट्रो साइट पर काम कर रही थी क्रेन

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि सभी घायल लोग लोक निर्माण विभाग के लिए मजदूरी का काम करते हैं। क्रेन बीआर क्रेन कंपनी की है और इसे ओखला टी पॉइंट पर चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। मेट्रो साइट पर तैनात सुरक्षाकर्मी दीपक ने पुलिस को बताया कि क्रेन चालक ने तुगलकाबाद ले जाने के लिए मेट्रो साइट से क्रेन निकाली थी।
जब चालक ने एमबी रोड पर अपनी क्रेन को तुगलकाबाद की ओर मोड़ने का प्रयास किया, तो उसने क्रेन पर से नियंत्रण खो दिया। क्रेन की गति अधिक होने के कारण वह विपरीत दिशा में स्थित इस घर में घुस गई। पुलिस ने दीपक और घायलों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

सोते ही अचानक आई तेज आवाज 

घायल घनश्याम ने पुलिस को बताया कि वे और उनके साथी सोमवार की देर रात अपना काम खत्म करके सोने के लिए अपने कमरे में चले गए थे। आधी रात को एक जोरदार आवाज आई और घर की दीवार ढह गई। घायल ने कहा कि उन्हें यह नहीं पता था कि क्रेन घर में घुस आई थी। दीवार उनके ऊपर गिर गई, जिससे सभी मलबे में दब गए। दीवार गिरने के बाद छत का भी एक हिस्सा टूट कर गिर गया।
Exit mobile version