गाजियाबाद : घर में निकले नाग-नागिन ने भाई-बहन को काटा, मौत

गाजियाबाद। घर में निकले नाग-नागिन ने मासूम भाई-बहन को काट लिया। दोनों बच्चों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं शादी का माहौल भी गमगीन हो गया। परिजनों ने दोनों शव सुपुर्दे खाक कर दिए हैं।

घटना मसूरी थाना क्षेत्र के निडोरी गांव की है। बक्सर निवासी शाहिद का भाई व अन्य परिजन मसूरी के गांव निडोरी में रहते हैं। मंगलवार को शाहिद की बहन की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों इनायत (04) व शाहिब (02) के साथ निडोरी आया था। बुधवार रात अन्य लोगों समेत इनायत और शाहिब चाचा के घर में फर्श पर सोए थे। सुबह करीब चार बजे घर में निकले नाग ने शाहिब को डस लिया। चीख सुनकर घर में जाग हो गई। बच्चे के मुंह से झाग निकलते देख परिजनों के होश उड़ गए। स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराते हुए उन्होंने सांप की तलाश शुरू की। परिजनों ने एक सांप को पकड़ लिया लेकिन इसी बीच वहां नागिन निकल आई और इनायत के गले में फंदा लगाकर लटक गई। नागिन ने बच्ची को काटा और भाग गई। दोनों बच्चों को वहां से रामा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।

शव लेकर लौटे घर
बच्चों की मौत से परिवार के लोगों में मातम छा गया। दोनों बच्चों के शव लेकर परिवार के लोग बक्सर आए, तो मौके पर मोहल्ले वालों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों ने बताया कि शाहिद के पास शाहिब और इनायत दो ही बच्चे थे। उनकी सर्पदंश से मौत हो गई। बच्चों के शव देखकर उनकी मां को गहरा सदमा लगा, इसके चलते वह बेहोश हो गईं। दोनों बच्चों का गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
Exit mobile version