कार में मिली युवक की लाश, शिनाख्त की कोशिश जारी

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक कार में युवक का शव मिला। शव से भीषण दुर्गंध आ रही थी। युवक कार में कैसे दाखिल हुआ और उसकी मौत कैसे हुई। इन सवालों का जबाव पुलिस तलाशने में जुटी है। शव की शिनाख्त की कोशिश भी जारी है।

ग्रीन पार्क चौराहे के पास खड़ी कार में एक युवक का शव मिला। मैकेनिक पास से गुजरा, तो उसे बदबू आई। उसने आसपास देखा, तो उसे कोई जानवर या पक्षी मरा नहीं दिखाई दिया। फिर वह कार के करीब गया, तो अंदर उसे कोई लेटा हुआ महसूस हुआ। उसने अंदर झांका उसे एक युवक की लाश मिली। पुलिस को जानकारी दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हालांकि शव की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। ये मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस इलाके का है। परमट निवासी प्रेम प्रकाश सोनवानी की कार घर के पास ग्रीनपार्क स्टेडियम की बाउंड्री के किनारे खड़ी रहती है। उनका घर गली में होने के कारण कार वहां खड़ी नहीं करते थे। कार जहां पर खड़ी थी वहीं पर एक जनरेटर भी लगा है। आज शाम को जनरेटर को सही करने के लिए राहुल नाम का एक मैकेनिक आया हुआ था। वह जनरेटर को सही कर रहा था। तभी उसे कार के अंदर से बदबू आई तो उसने झांक कर देखा तो उसके होश उड़ गए।

मालिक बोला लॉक है खराब
राहुल ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने प्रेम प्रकाश सोनवानी को फोन कर घटना के बारे में बताया। प्रेम प्रकाश की कुछ दिन पहले ही हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। इसके चलते उन्होंने अपने बेटे यश सोनवानी को भेजा। यश मौके पर पहुंचे तो उन्होंने युवक को पहचानने से इंकार कर दिया। यश ने बताया कि कार का लॉक खराब था। पिता की बीमारी के चलते इसे ठीक नहीं करा पाया था। आखिर युवक कार के अंदर ऐसे कैसे पहुंचा यह पुलिस के लिए भी पहली बना है। क्या युवक को पता था कि लॉक खराब है? वहीं, पुलिस युवक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।

Exit mobile version