गाजियाबाद : रूममेट ने युवक के सिर में सिलेंडर मारकर जान ली, तलाश जारी

गाजियाबाद। विजयनगर इलाके में एक युवक की सिर में छोटा एलपीजी सिलेंडर मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस को शक है कि इस वारदात को उसके दोस्त प्रेम ने अंजाम दिया है। हालांकि प्रेम भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।

आंबेडकर नगर में शिभम (28) सौदान सिंह के घर में किराए पर रहता था। उनके बेटे मनीष ने बताया कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे वह छत पर गए थे। वहां से शुभम के कमरे का बाहर से ताला लगा देखा तो माथा ठनक गया। शुभम और प्रेम शाम को घर आ जाते थे। दोनों में से किसी ने कहीं जाने की सूचना भी नहीं दी थी। कुछ गड़बड़ होने की आशंका में कमरे के अंदर झांककर देखा। वहां फर्श पर शव पड़ा नजर आया। यह देख उनकी चीख निकल पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो शव शुभम का था। सिर पर गहरी चोट थी। प्रेम वहां नहीं था। अन्य किरायेदारों ने बताया कि उन्होंने मंगलवार की शाम को ही चार बजे प्रेम के बैग लेकर जाते हुए देखा था। उसके चेहरे पर डर के भाव थे और बहुत हड़बड़ी में नजर आ रहा था। उन्होंने सोचा कि घर में कुछ अनहोनी हो गई होगी, इसलिए जल्दी में है।

फैक्ट्री में मजदूरी करते थे दोनों
शुभम मूलरूप से भदोही जिले के गांव सिखेड़ी का रहने वाला था। यहां विजयनगर में वह सौदान सिंह के मकान में चौथी मंजिल पर डेढ़ साल से किराये पर रह रहा था। दो महीने पहले अपने साथी प्रेम को भी लाया था। प्रेम भी उसी के गांव का बताया जा रहा है। यहां दोनों मजदूरी करते थे। हाल में दोनों एक फैक्टरी में काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि जानकारी करने पर पता चला दोनों नशे के आदी थे। शुभम का मोबाइल है गायब है। आशंका है कि नशे में झगड़े के दौरान वारदात हुई है। एसीपी कोतवाली प्रियाश्री पाल ने बताया कि प्रेम की तलाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने पर ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Exit mobile version