दो घरों से लाखों का माल लेकर भागीं लुटेरी दुल्हनें, बिचौलिया गिरफ्तार

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में दुल्हन बनकर अलग घरों में आईं दो युवतियां शादी की पहली रात ही वहां से लाखों का माल-जेवर लेकर भाग निकलीं। दोनों मामलों की शिकायत पुलिस से की गई है। इस मामले में पुलिस ने बिचौलिये को धर दबोचा है। क्योंकि दोनों शादी उसी ने कराई थीं। पुलिस अब बिचौलिये से इन लुटेरी दुल्हनों के बारे में पूछताछ कर रही है।
साकेत कालोनी चंपा विहार निवासी मानव बंसल की शादी 14 मई को बुलंदशहर के खुर्जा निवासी नेहा नाम की लड़की के साथ हुई थी। नेहा खुर्जा के चामुंडा मंदिर दशहरा की रहने वाली थी। शादी के बाद परिवार नेहा को विदा कराकर अपने घर ले आया। भुक्तभोगियों के मुताबिक शादी के एक दिन बाद ही नेहा के दो भाई उसे विदा कराने के लिए आए थे। 15 मई को लड़की के भाई सोनू और प्रदीप शर्मा उसे विदा कराकर ले गए। दो दिन बाद परिवार 17 मई को दुल्हन को दुबारा घर लाने के लिए तैयार हुआ। जब दुल्हन के भाइयों को फोन किया तो उनका नंबर बंद मिला। सीओ थर्ड एएसपी अमृत जैन ने बताया कि आरोपी दुल्हन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की गई है। पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्दी ही गैंग के सभी सदस्य पुलिस की हिरासत में होंगे।
बाजार की कहकर निकली फिर वापस न लौटी
दुल्हन के गायब होने से परेशान मानव को पता चला कि उसके ही मोहल्ले में एक युवक और इसी घटना का शिकार हुआ है। मोहल्ले के दिनेश की शादी भी 16 मई को पूजा नाम की लड़की के साथ हुई थी। वह भी उसे विदा कराकर अपने घर ले आए थे। शादी के बाद लड़की ने बाजार जाने की बात कही। वह बाजार से खरीदारी करने के नाम पर 17 मई को घर से निकली थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। जब परिवार के लोगों ने उसे खोजा तो उसका पता नहीं चला। वहीं घर में रखे जेवर और नकदी भी गायब थे। इसके बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने क्वार्सी थाना क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
Exit mobile version