पत्नी की हत्या कर लाश संग ली सेल्फी, फिर फंदे पर लटका युवक

गाजियाबाद। युवक ने घर के अंतर पत्नी की हत्या कर दी। लाश के साथ सेल्फी लेकर रिश्तेदारों को भेजी और फिर फंदे पर लटककर जान दे दी। घटनाक्रम के पीछे पत्नी का जॉब करने की बात सामने आ रही है। क्योंकि युवक नहीं चाहता था कि पत्नी जॉब करे।

पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रिया गोस्वामी ( 25) का शव बिस्तर पर पड़ा था। पास ही पति श्याम गोस्वामी ( 27) का शव पंखा लटकाने वाली सरिया से बंधे फंदे से लटका हुआ था। पुलिस को घटना की सूचना श्याम के भाई प्रवीण ने दी थी। प्रवीण ने बताया कि उनके पास बहन रूमा का फोन आया था। उसने बताया कि न श्याम का फोन उठ रहा है और न ही प्रिया का। वह घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। वह सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे। वहां से नीचे आए। हाथ देकर कमरे की कुंडी खोली। दरवाजा खुलते ही आंखों के सामने भाई और भाभी के शव थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बहन और अन्य परिजनों को बताया। मूलरूप से एटा के गांव गादूरी निवासी श्याम गोस्वामी पत्नी प्रिया और सात साल की बेटी कृष्णा के साथ लोनी के शंकर विहार में रहते थे। श्याम दिल्ली स्थित करावलनगर में सीट कवर बनाने की दुकान पर काम करते थे। पत्नी प्रिया नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करती थी। प्रवीण ने बताया कि श्याम बेटी के साथ गांव चला गया था। बुधवार को गांव से लोनी आया था। उसी दिन भाभी भी लोनी वाले घर आ गई थीं। श्याम प्रिया से नौकरी नहीं कराना चाहता था। दोनों में इस बात को लेकर विवाद था।

बुधवार से चल रहा था झगड़ा
एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि श्याम ने पहले प्रिया की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद फंदे से लटककर जान दे दी। आसपास के लोगों ने बताया कि श्याम को सुबह दस बजे घर के बाहर देखा था। वह सामान्य लग रहा था। दोपहर 12 बजे के बाद वह घर से बाहर नहीं निकला। शाम को उसके भाई के आने पर घटना का पता चला। प्रवीण ने पुलिस को बताया कि दोनों में बुधवार से ही झगड़ा हो रहा था। दोनों ने परिवार के लोगों से इस झगड़े के बारे में बताया था, लेकिन किसी को भी अंदाजा नहीं था कि झगड़ा इतनी बड़ी घटना का रूप ले लेगा।

Exit mobile version