30 लाख की अफीम समेत महिला गिरफ्तार, झारखंड से ला रही थी सप्लाई

लखनऊ। यूपी एसटीएफ की टीम ने चारबाग रेलवे स्टेशन से महिला अफीम तस्कर को पकड़ा है। तस्कर के पास से 30 लाख रुपये की अफीम बरामद हुई है। एसटीएफ फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है। यह भी खुलासा हुआ है वह एक गैंग की सदस्य है और झारखंड से यूपी तक उसका नेटवर्क है।
महिला का नाम प्रमिला देवी है। पूछताछ में उसने बताया कि झारखंड से माल उठाकर बरेली पहुंचाने के लिए प्रति चक्कर 10 हजार मिलता है। मुख्य सरगना झारखंड निवासी ओमवीर है। वह वर्तमान समय में बरेली में रहता है। ओमवीर झारखंड के तस्करों से सम्पर्क करके पहले अफीम मंगाता है। फिर बरेली और आस-पास के जनपदों इसे खपाता है। पंजाब, हरियाणा के साथ अन्य राज्यों में सप्लाई के लिए कुछ लोगों को रखा है। महिला लंबे समय से लखनऊ स्टेशन के आसपास तस्करी करती थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह भी झारखंड की ही रहने वाली है। वर्तमान में बरेली में ही रहती है। यहीं से तस्करी करती थी। एसटीएफ के अधिकारियों को मंगलवार को मुखबिर ने सूचना दी कि एक महिला हजारीबाग (झारखंड) से अफीम की खेप लेकर ट्रेन से जा रही है। बताया गया कि वह लखनऊ होते हुए बरेली जाएगी। इसी आधार पर एनसीबी और जीआरपी की टीम के साथ एसटीएफ रेलवे स्टेशन पहुंची। प्लेट फार्म 2-3 में महिला को शक के आधार पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास अफीम मिली। यूपी में तस्कर महिला के सहारे अफीम भेजते थे। इसके बाद गिरोह के अन्य लोग इसे अलग-अलग ठिकानों में खपाते थे। माना जा रहा है कि महिला की गिरफ्तारी होने से गिरोह के सदस्यों का भी खुलासा हो जाएगा।
एक्टिव हुई टीम, छापामारी जारी
महिला द्वारा बताए गए नाम-पते के लोगों को पकड़ने के लिए एसटीएफ एक्टिव हो चुकी है। नतीजतन बरेली समेत कई जगहों पर छापामारी चल रही है। वहीं सूचना और शक के आधार पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
Exit mobile version