गाजियाबाद : विनय त्यागी हत्या-लूटकांड में शामिल बदमाश मुठभेड़ में ढेर, दरोगा को भी लगी गोली

गाजियाबाद। टाटा प्रवेश कंपनी के नेशनल बिजनेस हेड विनय त्यागी हत्या-लूटकांड में शामिल एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है। मारे गए बदमाश के पास से विनय का लूटा गया मोबाइल सेट भी बरामद हुआ है। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है। फायरिंग में दरोगा को भी गोली लगी है।

शालीमार गार्डन पुलिस की गुरुवार देर रात अर्थला में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस विनय त्यागी हत्याकांड को अंजाम देने वाले शातिरों की तलाश में निकली थी। डीसीपी निमिष पाटील ने बताया कि विनय त्यागी हत्याकांड में सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से बदमाशों को ट्रेस किया गया था। गुरुवार देर रात दो बदमाश अर्थला की तरफ मिले थे। टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी जिसमें शालीमार गार्डन थाने के उपनिरीक्षक मंगल सिंह चौहान घायल हो गए। पुलिस ने बचाव की मुद्रा में आकर आत्मरक्षार्थ फायरिंग की तो गोली लगने से दिल्ली सीमापुरी निवासी अक्की उर्फ दक्ष ढेर हो गया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसका दोस्त भाग गया।

गैंग को ट्रेस करने की कोशिश
पुलिस ने दक्ष और घायल उपनिरीक्षक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर ने दक्ष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बदमाश के पास से विनय त्यागी का लूट गया फोन भी बरामद किया है। डीसीपी ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह क्लीयर होगा कि वारदात में और कितने लोग शामिल थे। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Exit mobile version