गाजियाबाद : सराफा कारोबारियों ने थमाए दुल्हन के नकली गहने, टालना पड़ी शादी

गाजियाबाद। सराफा कारोबारियों ने सात लाख रुपये के नकली गहने एक शख्स को दे डाले। वह शख्स शहरी कार्य मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन अफसर हैं। इन गहनों के कारण उनकी बहन की शादी टालना पड़ गई। वहीं सराफ दुकान बंद करके भाग निकले हैं। घटना की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

इंदिरापुरम के शक्तिखंड में निवासी जतिन आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि बहन की शादी 18 अप्रैल को होनी थी। मार्च महीने में उन्होंने नीतिखंड सेक्टर-2 के तरुण कपूर और पंकज कपूर को शादी के लिए गहने बनाने का ऑर्डर दिया था। इसके लिए उन्होंने करीब दो लाख रुपये नकद और दो लाख दस हजार रुपये कीमत का नेकलेस, करीब ढाई लाख कीमत का कंगन दिया था। आरोप है कि शादी से कुछ दिन पहले सराफ बंधु ने उन्हें नकली गहनों पर 24 कैरेट का पानी चढ़ाकर दे दिया। जब उन्होंने दूसरी दुकान पर गहने की जांच कराई तो उसमें आरोपियों की जालसाजी का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने सुनार की दुकान पर पहुंचकर विरोध किया तो सराफ बंधुओं ने कुछ दिनों बाद गहने देने का आश्वासन दिया। मगर आरोपी दुकान बंद करके भाग गए। ऐसे में शादी टालना पड़ गई है।

पहले भी मिल चुकी शिकायतें
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि दोनों सराफ बंधुओं के खिलाफ अन्य लोगों से शिकायतें मिली हैं। इस मामले में भी बारीकी से जांच हो रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों की तलाश कराई जा रही है।

Exit mobile version