गाजियाबाद : प्लाट देने के नाम पर पांच लाख हड़पे, फिर दी हत्या की धमकी, दो पर केस 

गाजियाबाद। जिले में एक महिला ने दो लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। महिला का आरोप है कि दोनों लोगों ने प्लॉट बेचने के नाम पर पांच लाख रुपये ले लिए थे, लेकिन रजिस्ट्री किसी दूसरे नाम कर दी थी। महिला लगातार दोनों लोगों से रुपए वापस करने या प्लॉट दिलवाने की बात कह रही थी, लेकिन इन दोनों लोगों ने महिला से जान से मारने की धमकी देते हुए बात करना बंद कर दी। फिलहाल पुलिस पड़ताल कर रही है।

मामले में एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला ने शिकायती पत्र में यह भी बताया कि उसने 20 जनवरी 2020 को गाजियाबाद के आदर्श नगर में दो लोगों से 50 गज का प्लॉट लेने के लिए सौदा तय किया था। सौदा तय होने पर महिला ने दोनों लोगों को पांच लाख दे दिए। रकम देने के बाद दोनों लोगों ने महिला से जल्द ही प्लॉट की रजिस्ट्री करने की बात कही। काफी समय बीतने के बाद जब महिला ने प्लॉट अपने नाम रजिस्ट्री करने की बात कही तो दोनों लोग बहाने बनाकर टालते रहे। जब शिकायतकर्ता महिला लगातार उन लोगों को फोन कर रही थी तब दोनों लोगों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का आरोप है कि उनसे रुपए लेने के बावजूद भी इन लोगों ने किसी अन्य व्यक्ति के नाम उस प्लाट की सौदा कर उन्हें रजिस्ट्री भी कर दी।

जांच के आधार पर होगी कार्रवाई 
जब महिला को दूसरे व्यक्ति के नाम वही प्लॉट रजिस्ट्री होने की बात पता चली और उसे जान से मारने की धमकी मिली ना ही उसके पैसे वापस मिले तो महिला ने खोड़ा थाने में दोनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा किस तरह से दोनों लोगों को पैसे दिए गए हैं उसकी भी जांच की जा रही है। दोनों लोगों ने महिला को कुछ अन्य दस्तावेज भी दिए थे जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version