गाजियाबाद : पानी के धोखे में थिनर पी गया डेढ़ साल का मासूम, मौत

गाजियाबाद। घर में खेल रहने डेढ़ साल के बच्चे ने प्यास लगने पर पानी की जगह गलती से थिनर पी लिया। यही गलती उसे जानलेवा साबित हुई। परिजन उसे हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए लेकिन वहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लोनी कोतवाली क्षेत्र के प्रकाश विहार कॉलोनी में यह घटना हुई। मूलरूप से अलीगढ़ के रहने वाले अनिल कुमार परिवार के साथ प्रकाश विहार कॉलोनी में रहते हैं। वह लोनी के प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करते हैं। बृहस्पतिवार को उनके घर में पेंटिंग का काम चल रहा था। पत्नी कविता रसोई में थी। जबकि आंगन में डेढ़ साल का बेटा दक्ष खेल रहा था। खेलने के दौरान दक्ष ने पानी समझकर वहां रखा थिनर पी लिया। तभी कविता को दक्ष के रोने की आवाज सुनाई दी। कविता पास पहुंची तो देखा थिनर बिखरा हुआ था।
अस्पताल में हो गई मौत
थिनर बिखरा देख उसे पूरा माजरा समझते देर न लगी। इधर, बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। आनन-फानन में उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दक्ष को दिल्ली के सेंट स्टीफन हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। इस पर औपचारिकताओं के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।
Exit mobile version