गाजियाबाद : लोकसभा चुनाव के नामांकन शुरू, दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होगी वोटिंग

गाजियाबाद। जिले में दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। इसी के तहत गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। चार अप्रैल तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी।

यहां भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी घोशित कर दिए हैं। नामांकन स्थल के आसपास भारी मात्रा में पुलिस व पीएसी बल तैनात किया गया है। यहां 26 अप्रैल को मतदान किया जाएगा। इसको लेकर नामांकन प्रक्रिया आज से यानी गुरुवार से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 4 अप्रैल तक चलेगी। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सदर विधायक अतुल गर्ग को लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। अतुल गर्ग 2017 में भारतीय जनता पार्टी से विधायक चुने गए थे और प्रदेश सरकार में मंत्री बने थे। वहीं 2022 में भी वह विधायक बने थे। इसके अलावा कांग्रेस-सपा गठबंधन की तरफ से यह सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। कांग्रेस ने डॉली शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉली शर्मा गाजियाबाद से सांसद और मेयर का चुनाव लड़ चुकी है। वहीं बसपा फिलहाल खामोशी साधे हुए है।

डेढ़ सौ पुलिसकर्मियों के साथ लगी पीएसी
वहीं एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया की जिला मुख्यालय में नामांकन के लिए जिला मुख्यालय में एंट्री और एग्जिट के लिए एक ही गेट बनाया गया है। पूरे मुख्यालय में नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण करने के लिए डेढ़ सौ पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा पीएसी की अलग से तैनाती है।

Exit mobile version