गाजियाबाद : उत्तराखंड के स्टार प्रचारक बने सांसद वीके सिंह, टिकट कटने के बाद मिली नई जिम्मेदारी

गाजियाबाद। बीजेपी से टिकट कटने के बाद सांसद जनरल वीके सिंह को उत्तराखंड में स्टार प्रचारक बनाया गया है। माना जा रहा है कि उत्तराखंड के ठाकुर वोट बैंक को साधने के लिए वीके सिंह को वहां लगाया गया है।

जनरल वीके सिंह भारतीय थल सेना प्रमुख पद से रिटायर हैं। 2014 में उन्हें बीजेपी ने गाजियाबाद लोकसभा सीट से प्रत्याशी के रूप में लॉन्च किया था। वीके सिंह 2014 और 2019 में लगातार दो बार सांसद रहे। वे पिछले 10 साल से केंद्र सरकार में बतौर राज्यमंत्री अपनी सेवाएं दे रहे हैं। तीसरी बार संगठन ने उनका टिकट काट दिया। जबकि मौजूदा शहर विधायक अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाया है।

उत्तराखंड में ज्यादा है ठाकुर वोटबैंक
अब वीके सिंह को उत्तराखंड राज्य के स्टार प्रचारक के रूप में नई जिम्मेदारी मिली है। उत्तराखंड की राजनीति में शुरू से ठाकुर और ब्राह्मण फैक्टर हावी रहा है। पहाड़ी राज्य में 35 फीसदी ठाकुर तो 25 फीसदी ब्राह्मण मतदाता रहते हैं। ऐसे में हर चुनाव में इन दोनों बिरादरी को प्रमुख रूप से साधने का प्रयास रहता है। जनरल वीके सिंह को शायद इसी वजह से उत्तराखंड राज्य में लगाया गया है। वे पार्टी के स्टार प्रचारक के रूप में यहां काम करेंगे।

Exit mobile version