छह दिन को ईडी की हिरासत में भेजे गए अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। अदालत ने उत्पाद शुल्क नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 28 मार्च तक ईडी हिरासत में भेजा। केजरीवाल के वकील मदन लाल ने कहा कि अदालत ने अरविंद केजरीवाल को 6 दिन की ईडी हिरासत में भेजा है। अब वे 28 मार्च को फिर से अदालत में पेश होंगे। कोर्ट द्वारा 28 मार्च तक ईडी हिरासत में भेजे जाने पर आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि हम कोर्ट के फैसले से विनम्रतापूर्वक असहमत हैं। ईडी के पास कोई सबूत नहीं है। 2 साल की जांच के बाद भी उन्हें एक भी रुपया अपराध से अर्जित नहीं मिला। उनका पूरा केस ऐसे गवाहों के आधार पर हैं जिन्हें पहले गिरफ्तार किया जाता है।

केजरीवाल पर दबाव बनाकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान लिया जाता है। हमें न्यायपालिका से न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी के पीछे से चुनाव लड़ना चाहती है। आज तक, ईडी को आम आदमी पार्टी नेताओं के खिलाफ अपराध से अर्जित कोई आय नहीं मिली है। आज देश के लोकतंत्र के इतिहास में एक काला दिन है। आज जो लोकतंत्र की हत्या हुई है उसे देश की जनता देख रही है। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहाकि आज ये अरविंद केजरीवाल हैं, कल कोई और भी हो सकता है। यह सरकार किसी को नहीं बख्शेगी। उन्होंने कहा कि जितना प्यार और समर्थन अरविंद केजरीवाल के लिए दुनियाभर में उमड़ रहा है वह अभूतपूर्व है। केंद्र सरकार की उल्टी गिनती 21 मार्च 2024 से शुरू हो गई है। वहीं आम आदमी पार्टी के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि इस साल होली का कार्यक्रम नहीं होगा। 25 मार्च को हम लोगों के पास जाएंगे और उन्हें बताएंगे कि देश में क्या हो रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 26 मार्च को पूरी दिल्ली प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी।

शराब घोटाले का सच सबके सामने आएगा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। कल अरविंद केजरीवाल कोर्ट में सौदेबाजी कर रहे थे, कि मैं दिल्ली का मुख्यमंत्री हूं इसलिए मुझे 2 महीने की मोहलत दी जाए, लेकिन देश में कानून का शासन है। हर अपराधी के साथ कानून एक जैसा व्यवहार करता है, यह आज साबित हुआ। जल्द ही अरविंद केजरीवाल के इस शराब घोटाले का सच सबके सामने आएगा।

Exit mobile version