केजरीवाल गिरफ्तार, विरोध कर रहे नेता कस्टडी में लिए गए, बयानबाजी जारी

File Photo

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ अपनी याचिका सुप्रीम कोर्ट से वापस ले ली। वहीं अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के आईटीओ पर पुलिस ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली मंत्री सौरभ भारद्वाज को हिरासत में लिया। इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के सामने कहेंगे कि अरविंद केजरीवाल को अपने वकील और परिवार से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्हें अपना आधिकारिक काम भी करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

केजरीवाल के परिवार को नजरबंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन और यह प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है। सौरभ ने कहा कि मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, एमके स्टालिन, अखिलेश यादव सहित सभी विपक्षी नेताओं को केजरीवाल जी के प्रति दिखाए गए प्यार के लिए धन्यवाद देता हूं। केजरीवाल के साथ जो किया जा रहा है वह अन्याय है। यह एक राजनीतिक पार्टी को ख़त्म करने की कोशिश है। हमारे कानूनी विशेषज्ञ अगली कार्रवाई पर काम कर रहे हैं। हमारे पार्टी कार्यालय को छावनी में बदल दिया गया है, आईटीओ मेट्रो स्टेशन बंद कर दिया गया है। क्या कोई आदर्श आचार संहिता लागू है? चुनाव आयोग क्या कर रहा है। उधर, दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि यह पहली बार है कि किसी मौजूदा सीएम को केंद्र सरकार ने गिरफ्तार किया है। देश के इतिहास में यह पहली बार है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद किसी राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को गिरफ्तार किया गया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बीजेपी की राजनीतिक साजिश है। केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आप नेता गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी इस देश के अंदर तानाशाही की घोषणा है और लोकतंत्र की हत्या का प्रमाण है,लेकिन देश इस तानाशाही के खिलाफ लड़ेगा। आज पूरे देश में बीजेपी मुख्यालय पर प्रदर्शन हो रहा है। पूरे देश के लोग अरविंद केजरीवाल बनकर इस आवाज को उठाएंगे और इस लड़ाई को लड़ेंगे। केजरीवाल के परिवार की हालत कल रात से क्या है ये किसी को नहीं मालूम। किस कानून के तहत मुझे उनके परिवार से मिलने से रोका जा रहा है? ये साफ-साफ दिखा रहा है कि इस देश में तानाशाही को स्थापित किया जा रहा है।

जेल से सरकार चलाना लोकतंत्र का अपमान
ईडी द्वारा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वे कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे। यह दिल्ली के लोगों, कानून और लोकतंत्र का अपमान है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राजनीतिक दल जो कांग्रेस के भ्रष्टाचार के बारे में बात करता था और सोनिया गांधी की गिरफ्तारी की मांग करते थे। उनको 9 बार समन भेजा गया लेकिन वो एक बार भी पेश होने नहीं गए। उनकी कौन-सी मजबूरी थी कि जांच से दूर रहना पड़ा ये इनका चेहरा दिखाता है।

कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी हैः डिप्टी सीएम
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। उनके नेता राहुल गांधी जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका फैसला तो लोकसभा चुनाव में सब कुछ तय हो जाएगा। लोगों ने भ्रष्टाचार करना अपना अधिकार मान लिया है। वे केंद्रीय एजेंसियों पर आरोप लगाते रहते हैं। एजेंसियां ​​निष्पक्ष रूप से काम कर रही हैं। अरविंद केजरीवाल को 9 समन दिए गए लेकिन वह सत्ता के घमंड में हैं। अगर ईडी गलत है, तो उन्हें अदालत जाना चाहिए था।

Exit mobile version