गाजियाबाद : पत्नी-बेटे की हत्या कर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं खुद को भी मौत के घाट उतारने की कोशिश की। मामले की जानकारी पर पड़ोसी मौके पर जा पहुंचे। आरोपी का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

वारदात कविनगर थाना क्षेत्र में महिंद्रा एनक्लेव की है। यहां रहने वाला अमरदीप हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में ग्रॉसरी स्टोर चलता है। इस समय वह गाजियाबाद अपने घर आया हुआ था। पुलिस ने बताया, गुरुवार दोपहर को अमरदीप ने पत्नी सोनू और बेटे विनायक की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने ऊपर भी धारदार हथियार से हमला किया। जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया है। पड़ोसी चीख-पुकार सुनकर अमरदीप के घर पहुंचे। अंदर देखा तो महिला और उसके बेटे की लाश पड़ी थी। वहीं अमरदीप भी खून से लथपथ होकर तड़प रहा था। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल का मुआयना कर रही है।
पुलिस का कहना है कि अमरदीप बातचीत की हालत में नहीं है। उसके होश में आने के बाद ही पता चल पाएगा कि पूरा घटनाक्रम क्यों और कैसे-कैसे हुआ। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सुसाइड नोट में लिखी कर्ज की बात
डीसीपी सिटी कुंवर ज्ञानेन्जय सिंह ने बताया, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें अमरदीप ने खुद पर कर्जा होने के चलते इस वारदात को अंजाम देने की बात लिखी है। बाकी अमरदीप के होश में आने पर उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

Exit mobile version